Featuredविदेश

Typhoon Matmo: चीन में ‘मत्मो’ तूफान से मची भारी तबाही, 3.47 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया

Typhoon Matmo: चीन में समुद्री तूफान ‘टाइफून मत्मो’ (Typhoon Matmo) ने भारी तबाही मचा दी है। इस भीषण चक्रवात ने रविवार को गुआंग्डोंग प्रांत के झानजियांग इलाके में लैंडफॉल किया। तूफान के असर से पहले ही चीनी सरकार ने करीब 3 लाख 47 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया था।

Typhoon Matmo

चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NMC) के अनुसार, रविवार की सुबह तक इस टाइफून की हवा की गति 151 किलोमीटर प्रति घंटा (94 mph) तक पहुंच गई थी। हालात गंभीर होने पर देश में ‘रेड-लेवल टाइफून अलर्ट’ जारी कर दिया गया था, जो मौसम प्रणाली की सबसे ऊंची चेतावनी श्रेणी है।

गुआंग्डोंग में समुद्र का पानी सड़कों पर

टाइफून ‘मत्मो’ ने गुआंग्डोंग के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भीषण तबाही मचाई। प्रशासन ने यहां से 1 लाख 51 हजार से अधिक लोगों को निकाला। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि झानजियांग के तटीय गांवों में समुद्र की ऊंची-ऊंची लहरें सड़कों पर पानी ले आईं, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए।

हैनान प्रांत में उड़ानें और परिवहन बंद

तूफान के रास्ते में आने वाले हैनान प्रांत में सुरक्षा को देखते हुए शनिवार से ही सभी उड़ानें, फेरी सेवाएं और सार्वजनिक परिवहन बंद कर दिए गए थे। राज्य मीडिया द पेपर की रिपोर्ट के अनुसार, हैनान में 1,97,856 लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुआंग्डोंग और हैनान के कुछ हिस्सों में 100 से 249 मिमी तक बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

सरकार ने जारी की आपात चेतावनी

स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्यों के लिए बचाव दल और सैन्य बलों को तैनात कर दिया है। बिजली आपूर्ति ठप होने और पेड़ उखड़ने जैसी घटनाओं की भी खबरें सामने आई हैं। विशेषज्ञों ने आने वाले 24 घंटे को “अत्यधिक संवेदनशील समय” बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *