Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: रायपुर बस्तर समेत कई जिलों में आज भी बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

CG Weather Today: चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ कमजोर पड़ने के बावजूद छत्तीसगढ़ में इसका असर अभी भी बना हुआ है। राजधानी रायपुर समेत बस्तर संभाग के कई जिलों में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम होते ही झमाझम बारिश हुई।

बस्तर क्षेत्र में भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे दिवाली से पहले बाजारों में खरीदारी प्रभावित हुई और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर में मौसम रहेगा बदला-बदला

राजधानी रायपुर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बादलों के कारण गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि उमस पूरी तरह खत्म होने की संभावना नहीं है।

कमजोर हुआ ‘मुरासु’, लेकिन असर जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ अब धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल रहा है। इसके बावजूद इसकी नमी और सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर बना रहेगा, खासकर रायपुर और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *