Featuredखेल

Canada Vs Qatar: जोनाथन डेविड की हैट्रिक से कनाडा का ऐतिहासिक कारनामा, 96 साल बाद मिली पहली वर्ल्ड कप जीत

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान कनाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ कनाडा ने अपने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की पहली जीत दर्ज कर ली और 96 साल पुराने इंतजार को खत्म कर दिया।

इस शानदार जीत के सबसे बड़े हीरो स्टार फॉरवर्ड जोनाथन डेविड रहे, जिन्होंने कतर की मजबूत डिफेंस लाइन को तोड़ते हुए शानदार हैट्रिक लगाई और कनाडा की जीत में अहम भूमिका निभाई।

जोनाथन डेविड ने रचा इतिहास

जोनाथन डेविड फीफा वर्ल्ड कप में कनाडा की तरफ से हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वह यूरोप और दक्षिण अमेरिका के बाहर की टीम के लिए वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले इतिहास के दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि 1930 में अमेरिका के बर्ट पाटेनॉड ने हासिल की थी।

कनाडा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इस जीत के साथ कनाडा वर्ल्ड कप इतिहास में किसी मुकाबले में 6 गोल करने वाला दूसरा मेजबान देश बन गया। इससे पहले अर्जेंटीना ने 1978 के वर्ल्ड कप में पेरू के खिलाफ 6-0 की ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

ऐसा रहा मैच का हाल

मैच के 16वें मिनट में साइल लारिन ने कनाडा के लिए पहला गोल किया। इसके बाद 29वें और पहले हाफ के इंजरी टाइम में जोनाथन डेविड ने दो गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ में नाथन सालिबा ने 64वें मिनट में चौथा गोल किया। 75वें मिनट में कतर के खिलाड़ी मोहम्मद मणी के ओन गोल की मदद से कनाडा की बढ़त 5-0 हो गई। इसके बाद मैच के अंतिम पलों में जोनाथन डेविड ने तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और कनाडा को 6-0 की ऐतिहासिक जीत दिला दी।

न्यूयॉर्क से कनाडा के स्टार बनने तक का सफर

जोनाथन डेविड का जन्म अमेरिका के न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में हुआ था। उनके माता-पिता हैती से थे, लेकिन बचपन में उनका परिवार कनाडा के ओटावा में बस गया। उन्होंने बेल्जियम के क्लब जेंट से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की और बाद में फ्रांस के क्लब लील में शानदार प्रदर्शन किया। साल 2025 में इटली के दिग्गज क्लब जुवेंटस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। आज वही खिलाड़ी कनाडा के लिए वर्ल्ड कप में इतिहास रच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *