Anil Kapoor New Reality Show: इनकी डिग्री का क्या आचार डालूं?’ India Ke Top 1% का धमाकेदार प्रोमो रिलीज
Anil Kapoor New Reality Show: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर छोटे पर्दे पर अपने दमदार अंदाज के साथ वापसी कर रहे हैं। ‘बिग बॉस OTT 3’ होस्ट करने के बाद अब अनिल कपूर नए रियलिटी शो ‘India Ke Top 1%’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुए शो के प्रोमो में उनका गुस्सैल और मजेदार अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।

डिग्री नहीं, दिमाग की होगी असली परीक्षा
शो के प्रोमो में अनिल कपूर एक मीटिंग से बाहर निकलते हुए कहते हैं, ‘कोई हार्वर्ड से, कोई हावड़ा से है, इनकी डिग्री का क्या आचार डालूं? सिंपल सा सवाल पूछो तो रट्टू तोते की तरह किताब में घुस जाते हैं।’ इसके बाद वह बताते हैं कि यह एक ऐसा रियलिटी शो होगा, जहां केवल डिग्री नहीं बल्कि लोगों की सोच, समझ और दिमाग की असली ताकत की परीक्षा होगी। इस शो का उद्देश्य देश के सबसे तेज दिमाग वाले लोगों की खोज करना है, जो India Ke Top 1% बनने का दम रखते हैं।
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स पर दिखा मजाकिया गुस्सा
प्रोमो में अनिल कपूर एक व्यक्ति को अपना वीडियो रिकॉर्ड करते हुए देखते हैं और मजाकिया अंदाज में उस पर नाराज होते हैं। फिर कहते हैं, ‘घबरा क्यों रहा है? बना वीडियो। एक ऐसा शो बनाएंगे जहां सिर्फ डिग्री नहीं, दिमाग दौड़ेगा।’जब शख्स उनसे पूछता है कि 1% क्या है? तो अनिल कपूर जवाब देते हैं कि इसका मतलब है देश के टॉप दिमाग वाले लोग।
कब और कहां देखें India Ke Top 1%?
अनिल कपूर का नया रियलिटी शो India Ke Top 1% स्टार प्लस चैनल और OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर प्रसारित किया जाएगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक शो की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
ऐसे करें शो के लिए अप्लाई
जो लोग इस शो में हिस्सा लेना चाहते हैं, वे Star Plus और जियो हॉटस्टार की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रोमो में QR कोड की सुविधा भी दी गई है।
‘माय नेम इज लखन’ पर किया डांस
प्रोमो के आखिर में अनिल कपूर अपने मशहूर गाने ‘माय नेम इज लखन’ पर डांस करते नजर आते हैं। तभी एक शख्स मजाक में कहता है, ‘सर, आधार कार्ड में तो अनिल कपूर नाम है।’ इस पर अनिल कपूर हंसते हुए जवाब देते हैं, ‘ज्यादा फ्री मत हो।’ इस मजेदार बातचीत ने प्रोमो को और भी ज्यादा मनोरंजक बना दिया है।
