CG Railway News: रायपुर-कोरबा के यात्रियों को बड़ी राहत, 1 अगस्त से रोजाना चलेगी हसदेव एक्सप्रेस
CG Railway News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे प्रशासन ने रायपुर और कोरबा के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत देते हुए हसदेव एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने का फैसला लिया है। बढ़ती यात्री संख्या और मांग को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार वर्तमान में गाड़ी संख्या 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती है, जबकि गाड़ी संख्या 18251/18252 सप्ताह में तीन दिन संचालित होती है। अब दोनों ट्रेनों को एकीकृत कर 1 अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 18249/18250 हसदेव एक्सप्रेस के रूप में सप्ताह के सातों दिन चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CG Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का असर, छत्तीसगढ़ में गर्म हवाओं पर ब्रेक;
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस फैसले के बाद रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा और मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को हर दिन ट्रेन की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर नौकरीपेशा, छात्र और नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे काफी लाभ होगा।
आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हसदेव एक्सप्रेस का संचालन 15 आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ किया जाएगा। एलएचबी कोच बेहतर सुरक्षा, आरामदायक सीटिंग और स्मूथ यात्रा के लिए जाने जाते हैं। इससे यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
रेलवे का उद्देश्य
रेलवे का मानना है कि प्रतिदिन ट्रेन संचालन से यात्रियों की भीड़ कम होगी और रायपुर-कोरबा रूट पर यात्रा करना आसान हो जाएगा। यह फैसला क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर रेल सेवा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
