Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: 44°C तक पहुंचेगा पारा, रायपुर में हीटवेव अलर्ट; दो दिन बाद मिल सकती है राहत

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में हीटवेव (लू) जैसी स्थिति बनने की संभावना है। वहीं आने वाले दो दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, हालांकि इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश राहत दे सकती है।

CG Weather Today 25 April 2026


प्रदेश में बढ़ती गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को दिन चढ़ते ही गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5°C रहा।

आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और तेज महसूस होगी। अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी भी जारी की है।

दो दिन बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बन रही है। खासकर दक्षिण बस्तर क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाएं राहत पहुंचा सकती हैं।

मौसम सिस्टम का असर

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, प्रदेश में दो द्रोणिका (ट्रफ) और एक एंटी साइक्लोन सक्रिय हैं। यही कारण है कि फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में वृद्धि हो रही है। इन सिस्टम के कमजोर होने के बाद ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *