8th Pay Commission: क्या बेसिक सैलरी में मर्ज होगा DA? सरकारी कर्मचारियों की बढ़ सकती है सैलरी
8th Pay Commission: 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें बढ़ती जा रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नए वेतन आयोग के लागू होने के बाद सरकारी कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी और क्या DA को बेसिक सैलरी में मर्ज किया जाएगा? हालांकि, फिलहाल फिटमेंट फैक्टर, DA मर्जर और नई बेसिक पे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

सरकार के सामने रखी गईं कई मांगें
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने कर्मचारियों, कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और अन्य हितधारकों से सुझाव एवं आंकड़े लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब इन सुझावों का अध्ययन कर आयोग केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, भत्ते, पेंशन और अन्य लाभों में बदलाव को लेकर अपनी सिफारिशें तैयार करेगा।
आयोग की ओर से अगस्त और सितंबर में अलग-अलग राज्यों में कर्मचारियों और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें रेलवे, डिफेंस, पेंशनर्स और अन्य कर्मचारी संगठनों को अपनी मांग रखने का मौका मिलेगा।
कितनी बढ़ सकती है सरकारी कर्मचारियों की सैलरी?
फिलहाल 8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी में बढ़ोतरी का कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। अलग-अलग अनुमानों में 20 से 30 प्रतिशत, 30 से 50 प्रतिशत और कुछ मामलों में 80 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी कई चीजों पर निर्भर करेगी। इनमें मौजूदा बेसिक पे, फिटमेंट फैक्टर और DA को बेसिक पे में मर्ज करने का फैसला सबसे अहम होगा।
यह भी पढ़ें: Lung Cancer Symptoms: लगातार खांसी को न करें नजरअंदाज, क्या यह फेफड़ों के कैंसर का
क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?
फिटमेंट फैक्टर वह मल्टीप्लायर है, जिसके आधार पर मौजूदा बेसिक सैलरी को नई बेसिक पे में बदला जाता है। अभी 8वें वेतन आयोग का फिटमेंट फैक्टर तय नहीं हुआ है। कुछ कर्मचारी संगठनों और अनुमानों में इसे 2.28 से 3.83 के बीच रहने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि, इसे लेकर किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
DA मर्ज होने पर क्या होगा फायदा?
कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ते यानी DA को बेसिक सैलरी में मर्ज करना भी शामिल है। अगर सरकार और आयोग इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हैं, तो इसका असर केवल बेसिक पे तक सीमित नहीं रहेगा। DA के बेसिक सैलरी में विलय से PF, पेंशन, ग्रेच्युटी और कुछ अन्य भत्तों की गणना पर भी प्रभाव पड़ सकता है। यही वजह है कि कर्मचारी संगठन इस मांग को काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
कब साफ होगी सैलरी बढ़ोतरी की तस्वीर?
अभी 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें आना बाकी हैं। आयोग सुझावों और आंकड़ों का अध्ययन करने के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को नई सैलरी, फिटमेंट फैक्टर और DA मर्जर को लेकर आधिकारिक तस्वीर सामने आने का इंतजार करना होगा।
ध्यान दें: अभी सैलरी में 20%, 50% या 80% से अधिक बढ़ोतरी के आंकड़े केवल अनुमान हैं। सरकार या 8वें वेतन आयोग ने अभी अंतिम वेतन वृद्धि की घोषणा नहीं की है।
