Railway NTPC Result 2026 Out: स्नातक पदों के लिए आरआरबी एनटीपीसी सीबीटी-1 का रिजल्ट घोषित, ऐसे करें चेक
Railway NTPC Result 2026 Out: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) स्नातक स्तर के पदों के लिए आयोजित सीबीटी-1 परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों उम्मीदवार अब अपने संबंधित क्षेत्रीय आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट और मेरिट लिस्ट देख सकते हैं।

आरआरबी द्वारा परिणाम के साथ-साथ क्षेत्रवार मेरिट सूची और कटऑफ अंक भी जारी किए गए हैं। जिन उम्मीदवारों ने सीबीटी-1 परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, वे अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी सीबीटी-2 परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे।
16 से 27 मार्च के बीच हुई थी परीक्षा
आरआरबी एनटीपीसी स्नातक स्तर की सीबीटी-1 परीक्षा का आयोजन 16 मार्च से 27 मार्च 2026 के बीच किया गया था। यह भर्ती प्रक्रिया सीईएन 06/2025 के तहत विभिन्न स्नातक स्तर के पदों के लिए आयोजित की गई थी।
शाम 5 बजे जारी होगा स्कोरकार्ड
रेलवे भर्ती बोर्ड ने जानकारी दी है कि उम्मीदवारों का स्कोरकार्ड 12 जून 2026 को शाम 5 बजे आधिकारिक लॉगिन पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी।
यह भी पढ़ें: YouTube DM Feature: अब WhatsApp और Instagram को चुनौती देगा YouTube
ऐसे डाउनलोड करें RRB NTPC Result 2026
- अपने क्षेत्र की आधिकारिक आरआरबी वेबसाइट पर जाएं।
- “RRB NTPC Graduate Result CEN 06/2025” लिंक पर क्लिक करें।
- रिजल्ट पीडीएफ डाउनलोड करें।
- Ctrl + F की मदद से अपना रजिस्ट्रेशन नंबर खोजें।
- चयन स्थिति की पुष्टि करें।
- भविष्य के लिए रिजल्ट की कॉपी सुरक्षित रखें।
रिजल्ट के बाद क्या होगा?
सीबीटी-1 में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण यानी सीबीटी-2 परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीटी-2 परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की जा सकती है। इसके बाद उम्मीदवारों को पद के अनुसार कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), टाइपिंग स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन से भी गुजरना होगा।
5810 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5,810 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें स्टेशन मास्टर, माल ट्रेन मैनेजर, ट्रैफिक असिस्टेंट, चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर (CCTS), जूनियर अकाउंट असिस्टेंट कम टाइपिस्ट (JAA) और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए यह रिजल्ट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
