Mithu Mukherjee Dies: बंगाली सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस मिथु मुखर्जी का निधन, 71 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
Mithu Mukherjee Dies: बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का निधन हो गया है। उन्होंने 71 साल की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से बंगाली सिनेमा और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

17 साल की उम्र में शुरू किया था फिल्मी सफर
मिथु मुखर्जी का जन्म साल 1955 में कोलकाता में हुआ था। उन्होंने महज 17 साल की उम्र में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। साल 1972 में आई फिल्म ‘शेष पर्बा’ से उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।इसके बाद उन्होंने कई सफल बंगाली फिल्मों में काम किया और अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। फिल्म ‘मर्जीना अब्दुल्ला’ से उन्हें बड़ी लोकप्रियता मिली।
इन फिल्मों में नजर आई थीं मिथु मुखर्जी
मिथु मुखर्जी ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया। इनमें ‘निशिकन्या’, ‘मौचक’, ‘कवि’, ‘होटल स्नो फॉक्स’, ‘प्रतिमा’, ‘बंधन’, ‘प्रार्थना’ और ‘स्वयंसिद्धा’ जैसी फिल्में शामिल हैं।उन्होंने अपने दौर के कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया, जिनमें उत्तम कुमार, सौमित्र चटर्जी और रंजीत मल्लिक जैसे नाम शामिल हैं।
हिंदी फिल्मों में भी बनाई पहचान
बंगाली सिनेमा के अलावा मिथु मुखर्जी ने हिंदी फिल्मों में भी काम किया। साल 1976 में उन्होंने फिल्म ‘खान दोस्त’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह ‘सफेद झूठ’, ‘दिल्लगी’ और ‘दो लड़के दोनों कड़के’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।
फिल्मों से बनाई दूरी
1980 के दशक के बाद मिथु मुखर्जी ने एक्टिंग से ब्रेक ले लिया था। साल 1990 में आई फिल्म ‘आश्रिता’ उनकी आखिरी फिल्म साबित हुई। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली और लाइमलाइट से दूर सादगी भरी जिंदगी जीने लगीं।मिथु मुखर्जी के निधन से उनके फैंस और फिल्म जगत में शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
