Face-Licensing Trend: अब चेहरे से होगी कमाई! चीन में AI ड्रामा और गेम्स के लिए लोग दे रहे फेस लुक का लाइसेंस
Face-Licensing Trend: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कमाई का एक नया तरीका सामने आया है। चीन में लोग अब अपने चेहरे के लुक को AI से बनने वाले ड्रामा, विज्ञापन, वीडियो गेम और डिजिटल कंटेंट के लिए लाइसेंस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बदले लोगों को करीब 50 युआन से लेकर 99,999 युआन तक मिल सकते हैं, जो भारतीय मुद्रा में लगभग ₹700 से ₹14 लाख के बीच है।

फेस-लाइसेंसिंग का यह ट्रेंड चीन के तेजी से बढ़ते AI और माइक्रोड्रामा इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है। इसमें व्यक्ति अपने चेहरे के इस्तेमाल के अधिकार को कुछ शर्तों और तय अवधि के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म या प्रोडक्शन कंपनियों को देता है।
Face Licensing क्या है और कैसे होती है कमाई?
फेस-लाइसेंसिंग में व्यक्ति अपने चेहरे के डिजिटल इस्तेमाल की अनुमति देता है। ActID और New Claw जैसे प्लेटफॉर्म पर यूजर्स अपनी पहचान वेरिफाई करने के बाद चेहरे का प्रोफाइल रजिस्टर कर सकते हैं। इसके बाद प्रोड्यूसर्स अपनी जरूरत के अनुसार डिजिटल कैटलॉग में चेहरे खोज सकते हैं। यहां उम्र, जेंडर और लुक के आधार पर प्रोफाइल चुने जा सकते हैं। कुछ कैटेगरी में Girl-next-door, Rugged और Supermodel जैसे लुक भी शामिल हैं।
यूजर्स यह तय कर सकते हैं कि उनका चेहरा किन तरह के प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल किया जा सकता है, जैसे:
- टीवी विज्ञापन
- AI ड्रामा
- शॉर्ट फिल्म
- वीडियो गेम
- डिजिटल वीडियो
- अन्य AI-generated content
कुछ मामलों में यूजर्स अपने चेहरे के इस्तेमाल की फीस और लाइसेंस की शर्तें भी तय कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Bullet Train: 20 घंटे का सफर अब करीब 6 घंटे 45 मिनट में! दिल्ली..
एक एपिसोड के लिए मिल सकते हैं हजारों रुपये
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ AI ड्रामा प्रोजेक्ट्स में चेहरे के इस्तेमाल के लिए 99 से 500 युआन, यानी लगभग ₹1,400 से ₹7,000 प्रति एपिसोड तक फीस तय की गई है। ActID जैसे प्लेटफॉर्म इस रकम में से कमीशन लेते हैं। उदाहरण के तौर पर ActID करीब 10 प्रतिशत ब्रोकरेज/कमीशन काटकर बाकी रकम चेहरे के मालिक को देता है। वहीं दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर डिजिटल एक्टर प्रोफाइल की फीस इससे काफी ज्यादा हो सकती है।
कुछ चेहरों के लिए ₹85 हजार तक की फीस
रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन में कुछ अन्य फेस-लाइसेंसिंग प्लेटफॉर्म्स पर डिजिटल एक्टर प्रोफाइल की फीस 500 युआन से 6,000 युआन तक है। भारतीय मुद्रा में यह करीब ₹7,000 से ₹85,000 के बराबर है। फीस इस बात पर निर्भर कर सकती है कि चेहरे का इस्तेमाल किस प्रोजेक्ट के लिए किया जा रहा है, कितने समय के लिए लाइसेंस दिया गया है और कितने कंटेंट प्रोजेक्ट्स में उस चेहरे का इस्तेमाल किया जाएगा।
बिना एक्टिंग अनुभव वाले लोग भी कर रहे रजिस्टर
Face-Licensing प्लेटफॉर्म्स पर केवल प्रोफेशनल एक्टर्स ही नहीं, बल्कि एक्स्ट्रा आर्टिस्ट, इन्फ्लुएंसर्स और बिना एक्टिंग अनुभव वाले लोग भी अपने चेहरे रजिस्टर कर रहे हैं। ActID के अनुसार, मार्च में लॉन्च होने के बाद प्लेटफॉर्म पर करीब 800 यूजर्स रजिस्टर कर चुके थे, जिनमें से लगभग 300 यूजर्स ने अपने लुक को लाइसेंस देने पर सहमति जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दो AI ड्रामा प्रोजेक्ट्स में करीब 10 लोगों के चेहरे इस्तेमाल करने के लिए लाइसेंस भी लिया गया।
चीन में बढ़ रहा AI माइक्रोड्रामा का बाजार
इस ट्रेंड के पीछे चीन का तेजी से बढ़ता माइक्रोड्रामा इंडस्ट्री एक अहम कारण है। छोटे फॉर्मेट के ड्रामा और डिजिटल कंटेंट में AI का इस्तेमाल बढ़ रहा है। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, 2026 के पहले तीन महीनों में चीन में रिलीज हुए करीब 1.28 लाख माइक्रोड्रामा में से 95 प्रतिशत से ज्यादा में प्रोडक्शन के दौरान किसी न किसी रूप में AI का इस्तेमाल किया गया। AI की मदद से कंटेंट तैयार करने की बढ़ती मांग के कारण डिजिटल रूप से इस्तेमाल किए जा सकने वाले वास्तविक चेहरों की जरूरत भी बढ़ रही है।
Face Licensing में प्राइवेसी का खतरा भी
जहां एक तरफ यह लोगों के लिए कमाई का नया जरिया बन रहा है, वहीं इसके साथ प्राइवेसी और बायोमेट्रिक डेटा से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि लाइसेंस देने के बाद चेहरे के डिजिटल वर्जन पर व्यक्ति का कितना नियंत्रण रहेगा। उदाहरण के लिए, भविष्य में चेहरे में किस तरह के बदलाव किए जा सकते हैं, उसे किन नए प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल किया जा सकता है और लाइसेंस खत्म होने के बाद पुराने AI मॉडल या कंटेंट में उसका इस्तेमाल कैसे नियंत्रित होगा। कानूनी विशेषज्ञों ने ऐसे समझौतों में उपयोग की अवधि, कंटेंट की कैटेगरी, डिजिटल बदलाव, री-यूज और लाइसेंस खत्म होने के बाद अधिकार जैसी शर्तों को स्पष्ट रखने की जरूरत पर जोर दिया है।
क्या भविष्य में चेहरा भी बन सकता है डिजिटल एसेट?
Face-Licensing Trend यह दिखाता है कि AI के दौर में इंसान की डिजिटल पहचान भी एक तरह की कमर्शियल एसेट बन सकती है। हालांकि, इससे कमाई के नए अवसर पैदा हो रहे हैं, लेकिन चेहरे जैसे संवेदनशील बायोमेट्रिक डेटा के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट सहमति और मजबूत नियम भी महत्वपूर्ण होंगे।
