Featuredछत्तीसगढ़

SIR Voter List: SIR के दौरान छत्तीसगढ़ में 24.99 लाख वोटरों के नाम हटे, अब एक महीने चलेगा विशेष अभियान

SIR Voter List: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से विभिन्न कारणों से हटे नामों का दोबारा सत्यापन करने और नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उन्हें पंजीकरण की प्रक्रिया में मदद करेंगे।

SIR Voter List

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष फोकस रहेगा। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी अग्रिम पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

SIR में करीब 25 लाख नाम हटाए गए

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रदेश में 24,99,823 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। इनमें करीब 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 ऐसे मतदाता शामिल हैं, जो या तो दूसरे स्थान पर चले गए या लंबे समय से अपने पते पर नहीं मिले। वहीं इस प्रक्रिया के दौरान 2,35,994 नए मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े गए हैं।

अब शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा, ताकि यदि कोई पात्र नागरिक गलती से सूची से बाहर हो गया हो तो उसका नाम फिर से जोड़ा जा सके।

घर-घर जाकर होगा सत्यापन

अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में भी सहयोग दिया जाएगा।

मतदान केंद्रों और कॉलेजों में लगेंगे विशेष शिविर

निर्वाचन आयोग ने अभियान को व्यापक बनाने के लिए विशेष शिविरों की भी व्यवस्था की है। हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे, जबकि शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, हायर सेकेंडरी और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।

इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व और मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों को फॉर्म-6 स्वीकार करने और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा करेंगे।

ऐसे जुड़वा सकते हैं अपना नाम

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को फॉर्म-6 जमा करना होगा।

इसके अलावा ECINET ऐप में ‘Book a Call with BLO’ सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मतदाता सीधे अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *