Featuredछत्तीसगढ़

Chhattisgarh Development News: कंतेली में खुला नया कॉलेज, CM विष्णुदेव साय ने दी उच्च शिक्षा की सौगात; तोखन साहू के संघर्षों से जुड़ा भावुक पल

Chhattisgarh Development News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने ग्राम कंतेली में नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ किया। खास बात यह रही कि इसी क्षेत्र से केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का बचपन और शिक्षा का सफर जुड़ा हुआ है। कभी जिस रास्ते पर तोखन साहू पैदल चलकर स्कूल जाया करते थे, आज उसी क्षेत्र में युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का नया केंद्र शुरू हुआ है।

465 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस दौरे के दौरान मुंगेली जिले में 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

जिस कंतेली तक पैदल जाते थे तोखन साहू, वहीं मिला कॉलेज का उपहार

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि अपने गृहग्राम डिंडौरी से वे प्रतिदिन पैदल चलकर ग्राम कंतेली में पढ़ाई करने जाते थे। ग्रामीण परिवेश में शिक्षा हासिल कर उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आज उसी कंतेली में महाविद्यालय की शुरुआत होना उनके लिए गर्व और भावनात्मक क्षण है। इस कॉलेज के शुरू होने से अब आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

ग्रामीण युवाओं को मिलेगा उच्च शिक्षा का अवसर

नवीन महाविद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा। अब उन्हें कॉलेज की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी। सरकार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के संस्थानों का विस्तार युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

तोखन साहू के स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने की तैयारी

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपनी जड़ों से जुड़ाव दिखाते हुए बताया कि जिस स्कूल में उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा हासिल की थी, उसे मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के तहत स्कूल में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें डिजिटल कक्षाएं, बेहतर प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल होंगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी कराया जा चुका है।

पहली बार डिंडौरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कंतेली कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, आजादी के बाद पहली बार कोई मुख्यमंत्री डिंडौरी गांव पहुंचा। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने पारंपरिक सुआ नृत्य और रामधुन की प्रस्तुति दी। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस दौरान तोखन साहू के परिवार ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के पिता बलदाऊ साहू से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। वहीं, बड़ी अम्मा रामबाई से भी आत्मीय मुलाकात की।

मुंगेली जिले के विकास को मिली नई गति

मुख्यमंत्री के इस दौरे को मुंगेली जिले के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा,

सड़क, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण से क्षेत्र में विकास को गति मिलने की उम्मीद है। कंतेली में नए महाविद्यालय की शुरुआत को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *