Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून रहेगा मेहरबान, 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में अगले 3 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 48 घंटे बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

CG Weather Today 14 august 2026

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। केल्हारी, कुटरू, सुकमा और वाड्रफनगर में 5-5 सेमी बारिश हुई। वहीं बलरामपुर, सामरी और दंतेवाड़ा में 3-3 सेमी, जबकि कुसमी, जगरगुंडा, रघुनाथनगर, कटेकल्याण, बीजापुर, गीदम और तोंगपाल में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य इलाकों में 1 सेमी तक वर्षा हुई। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.8°C दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

रायपुर में आज बारिश के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रह सकता है।

कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

अगले 3 दिन सक्रिय रहेगा मानसून

नए मौसम तंत्र के असर से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। खासकर उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले 48 घंटे बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *