CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का गदर जारी, अगले 7 दिन भारी बारिश के आसार; इन जिलों में अलर्ट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां लगातार जारी हैं। सावन माह के अंत तक प्रदेश में बारिश का दौर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।

प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में सक्रिय हैं ये मौसम सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली है। वहीं, उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी मौजूद है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 22 August 2026: आज श्रावण शुक्ल दशमी, शनिवार का दिन; जानें मेष से मीन तक का राशिफल
रायपुर में बदला मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह बूंदाबांदी हुई। 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में:
- राजपुर और बिहारपुर – 4 सेमी
- डोंगरगढ़ – 3 सेमी
- जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग – 2 सेमी
- रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका – 1-1 सेमी
बारिश के चलते कई इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को कई जिलों में आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।
अलर्ट वाले जिले:
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद।
अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
