Education Department Update: शिक्षा विभाग का यू-टर्न, परीक्षा व्यवस्था को लेकर जारी आदेश में किया गया संशोधन
Education Department Update: छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर अपने ही पहले जारी आदेश में बड़ा संशोधन करते हुए यू-टर्न लिया है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार अब निजी स्कूल पूर्व की तरह ही लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं स्वयं आयोजित कर सकेंगे।

इससे पहले जारी निर्देशों में जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को सभी स्कूलों की परीक्षाएं आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस आदेश के बाद निजी स्कूलों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बन गई थी। स्कूल प्रबंधन परीक्षा संचालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश की मांग कर रहे थे।
निजी स्कूलों को राहत, स्थिति हुई स्पष्ट
संशोधित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निजी स्कूलों की लोकल कक्षाओं की परीक्षाओं का संचालन स्कूल प्रबंधन द्वारा ही किया जाएगा, जैसा कि पहले होता रहा है। इससे निजी स्कूलों को बड़ी राहत मिली है और परीक्षा व्यवस्था को लेकर फैली अनिश्चितता समाप्त हो गई है।
शासकीय और आत्मानंद स्कूलों की जिम्मेदारी DEO को
वहीं, नए आदेश के अनुसार
- शासकीय स्कूलों
- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों
की परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी अब जिला शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है। इन स्कूलों में परीक्षा संचालन जिला स्तर से किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी इस संशोधित पत्र के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। शिक्षा विभाग के इस फैसले को प्रशासनिक स्पष्टता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


