Featuredछत्तीसगढ़

CG News: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का आज शुभारंभ, योग-व्यायाम व मनोरंजक गतिविधियों से मिलेगा सहारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित, सक्रिय और सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। बढ़ते अकेलेपन और उससे जुड़ी मानसिक-शारीरिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान गुड़ी योजना’ की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में रायपुर में वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ 30 दिसंबर को किया जाएगा।

CG News

यह योजना छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा संचालित की जा रही है। इसके तहत महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह का पुनर्निर्माण कर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक डे केयर सेंटर की सुविधा विकसित की गई है।

योग-व्यायाम से लेकर मनोरंजन तक की व्यवस्था

प्रशासन द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुसार ‘सियान गुड़ी’ केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग एवं व्यायाम, नाश्ता और चाय, मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, कौशल विकास गतिविधियां, परामर्श सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और टेली-कंसल्टेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही समूह चर्चा और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को आत्मीय और सकारात्मक माहौल मिल सके। निर्धारित समयावधि के बाद सभी वरिष्ठ नागरिक अपने-अपने घर लौट सकेंगे।

अकेलेपन से राहत और सम्मानजनक जीवन का लक्ष्य

‘सियान गुड़ी योजना’ का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सक्रिय सामाजिक वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे स्वयं को अकेला महसूस न करें और स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *