Featuredछत्तीसगढ़

Saansad Khel Mahotsav: 23-24 दिसंबर को रायपुर में मेगा फाइनल, 25 को भव्य समापन, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

Saansad Khel Mahotsav: राजधानी रायपुर में आयोजित होने जा रहा सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक मंच बनने जा रहा है। 23 और 24 दिसंबर को मेगा फाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर भव्य समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे।

शनिवार को सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आयोजन की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में खेल स्थलों की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों की सुविधाओं, सुरक्षा और विभागीय समन्वय को लेकर अधिकारियों व आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी सांसद खेल महोत्सव की प्रतिष्ठा

सांसद खेल महोत्सव की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिष्ठा का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इस आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। यह पत्र खेल विकास के प्रति सांसद अग्रवाल की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

23-24 दिसंबर को इन खेल स्थलों पर होंगे मेगा फाइनल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी कि मेगा फाइनल मुकाबले

  • सुभाष स्टेडियम
  • स्प्रे स्कूल
  • जे.एन. पाण्डेय स्कूल
  • अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल

में आयोजित किए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं में करीब 5000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभाओं—रायपुर नगर निगम, अभनपुर, आरंग, तिल्दा, धरसीवा, बलौदा बाजार, भाटापारा और सिमगा—से चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे।

13 खेलों में दिखेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा

इस महोत्सव में खिलाड़ी 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बालक-बालिका श्रेणी में भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं निम्न खेलों में होंगी: कुश्ती, खो-खो, गेंड़ी दौड़, फुगड़ी, रस्साकसी, रस्सीकूद, कबड्डी, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, तैराकी, भारोत्तोलन और शरीर सौष्ठव

25 दिसंबर को भव्य समापन समारोह

25 दिसंबर को दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ खिलाड़ियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल का विज़न

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा— “सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि रायपुर की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान देने का जनआंदोलन है। हमारा उद्देश्य गांव से शहर तक प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मजबूत नींव रखेगा।

85 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी, बना रिकॉर्ड

उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव में लगभग 85,000 खिलाड़ियों ने 13 खेलों में भाग लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें से 14,000 खिलाड़ी केवल रायपुर नगर निगम क्षेत्र से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *