Featuredछत्तीसगढ़

Raipur News: साइंस कॉलेज चौपाटी हटाने पहुंचा निगम, कांग्रेसियों और व्यापारियों का जमकर हंगामा

Raipur News: राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह साइंस कॉलेज चौपाटी हटाने की निगम की कार्रवाई को लेकर भारी हंगामा मच गया। निगम ने व्यापारियों को आज सुबह 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद से ही चौपाटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। रातभर व्यापारियों के साथ खड़े रहे पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने धरना दिया और कार्रवाई का विरोध किया।

Raipur News


सुबह पुलिस बल, जेसीबी और निगम की टीम मौके पर पहुंची

शनिवार सुबह पुलिस बल, जेसीबी क्रेन और निगम की बड़ी टीम साइंस कॉलेज चौपाटी पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही व्यापारियों और कांग्रेस नेताओं ने जोरदार विरोध किया। सभी जोन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

विरोध के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी देखने को मिली। हंगामा इतना बढ़ गया कि पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता जेसीबी के सामने लेट गए।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार

हंगामे के बीच पुलिस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल निगम की टीम चौपाटी तोड़ने और हटाने की कार्रवाई में जुटी हुई है। निगम की दर्जनभर से अधिक गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।

ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग की तैयारी, इसलिए फंसा चौपाटी शिफ्टिंग का मुद्दा

चौपाटी शिफ्टिंग के लिए व्यापारियों को ओवरब्रिज के नीचे जमीन देने पर विचार किया गया था। लेकिन वह जमीन रेलवे की संपत्ति है। रेलवे ने वहां पार्किंग निर्माण की योजना बनाकर पहले से मौजूद मोटर मैकेनिकों को जगह खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है। रेलवे द्वारा जमीन पर मालिकाना हक जताने के बाद चौपाटी को शिफ्ट करने का मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। इसके चलते विवाद और अधिक बढ़ गया है।

निगम का कहना—अवैध कब्जा हटाना जरूरी

निगम अधिकारियों का कहना है कि चौपाटी क्षेत्र में किए गए कई निर्माण और दुकानें नियमानुसार नहीं हैं, इसलिए कार्रवाई अनिवार्य है। जबकि व्यापारी और स्थानीय कांग्रेस नेता आरोप लगा रहे हैं कि निगम बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए कार्रवाई कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *