Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: 12 सेक्टरों में आईटी हब, मेडिसिटी और खेल अकादमी का विकास तेज
Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अवसर पर नवा रायपुर एक भविष्य के स्मार्ट सिटी मॉडल के रूप में उभर रहा है। यहां 12 सेक्टरों में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं, जिन पर लगभग 7 लाख करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव है। सरकार की योजना नवा रायपुर को आईटी हब, हाईटेक मेडिसिटी, अंतरराष्ट्रीय खेल अकादमी और बिजनेस सेंटर के रूप में विकसित करने की है।

राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर को नई विधानसभा भवन का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, राजभवन और नवा रायपुर रेलवे स्टेशन का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं से नवा रायपुर जल्द ही व्यापार, निवेश और शिक्षा का केंद्र बन जाएगा।
प्रमुख विकास योजनाएँ
- आईटी हब और डाटा सेंटर: सेक्टर-22 और 24 में आईटी पार्क और डाटा सेंटर का तेजी से विकास।
- मेडिसिटी और फार्मा हब: 200 एकड़ में मेडिसिटी और 142 एकड़ में फार्मास्यूटिकल हब का निर्माण।
- खेल और शिक्षा केंद्र: सेक्टर-32 में अंतरराष्ट्रीय बोर्डिंग स्कूल, क्रिकेट अकादमी और आर्चरी सेंटर का निर्माण कार्य जारी।
- एरोसिटी: एयरपोर्ट के पास 216.63 एकड़ क्षेत्र में एरोसिटी का विकास—जहां होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और कमर्शियल ऑफिस स्पेस होंगे।
- कमर्शियल हब: सेक्टर 23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ में थोक व्यापारिक केंद्र विकसित किया जा रहा है।
- सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD): सेक्टर-21 में 2.65 लाख वर्गफीट क्षेत्र में आधुनिक सीबीडी कॉम्प्लेक्स, जिसमें इमर्सिव होलोग्राफिक एंटरटेनमेंट सेंटर और गोकुल सुपर मार्केट शामिल होंगे।
- अमर जवान ज्योति स्मारक: ग्राम परसदा में 2700 शहीदों के नामों के साथ शहीद स्मारक का निर्माण।
नवा रायपुर बनेगा ग्लोबल मॉडल
सरकार की नई उद्योग नीति के तहत नवा रायपुर को ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। इससे न केवल निवेशकों को सुविधा होगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। राज्योत्सव 2025 पर नवा रायपुर की ये परियोजनाएं छत्तीसगढ़ के आर्थिक और सामाजिक विकास की नई दिशा तय करेंगी।
