CG Weather Update: ‘मोंथा’ तूफान का असर जारी, बिलासपुर और सरगुजा में झमाझम बारिश के आसार
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मोंथा (Cyclone MOntha) का असर अब भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आज झमाझम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर मध्यम से भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवात मोंथा उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह जगदलपुर से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में स्थित है। इसके आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए कमजोर पड़ने और अवदाब में बदलने की संभावना है।
बारिश और हवाओं का असर
राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आज 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात संभव है।
रायपुर का मौसम आज
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की वर्षा की संभावना है। तापमान 23°C से 31°C के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।
