Heart Attack: बिना दवा के हार्ट अटैक का खतरा कम करने के असरदार तरीके, जानिए कैसे रखें दिल को मजबूत
Heart Attack News: भारत में हार्ट अटैक और हृदय रोग (Heart Disease) तेजी से बढ़ रहे हैं, खासकर युवाओं में। फास्ट फूड, तनाव, नींद की कमी और अनियमित दिनचर्या इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं।
The Lancet की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, हृदय रोग भारत में मृत्यु का सबसे बड़ा कारण है। आंकड़ों के मुताबिक, कुल मौतों में 26.6% और जीवन प्रत्याशा में कमी का 13.6% कारण हृदय रोग ही हैं। लेकिन अच्छी खबर यह है कि सही लाइफस्टाइल और आदतें अपनाकर बिना किसी दवा के हार्ट अटैक के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि रोजमर्रा की छोटी लेकिन असरदार आदतें दिल को मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं।

हार्ट अटैक से बचने के 4 असरदार और आसान तरीके
1. रोजाना स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें
वजन उठाना या रेजिस्टेंस एक्सरसाइज करने से मांसपेशियां और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। इससे ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर नियंत्रण में रहते हैं, जो दिल के लिए बेहद फायदेमंद है।
2. ओमेगा-3 से भरपूर आहार लें
अखरोट, चिया सीड्स और मछली जैसे फूड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है जो सूजन कम करता है और धमनियों में जमी चर्बी को हटाने में मदद करता है। यह दिल की सेहत के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है।
3. नियमित और पूरी नींद लें
हर दिन एक ही समय पर सोना और उठना तनाव हॉर्मोन को नियंत्रित करता है। नींद की कमी से दिल पर दबाव बढ़ता है, इसलिए 7–8 घंटे की नींद लेना जरूरी है।
4. तनाव कम करें
धीरे-धीरे गहरी सांस लेना, ध्यान (Meditation) या हल्की वॉक करना नर्वस सिस्टम को शांत करता है। इससे रक्त वाहिकाओं और दिल पर दबाव कम होता है और हार्ट अटैक का खतरा घटता है।
हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षण
- सीने में दर्द या दबाव, जो हाथ, गर्दन या जबड़े तक फैल सकता है
- सांस लेने में कठिनाई या ठंडा पसीना
- चक्कर, थकान या उल्टी
- महिलाओं में हल्के लक्षण जैसे पीठ या जबड़े में दर्द
अगर ये लक्षण 5 मिनट से अधिक समय तक रहें, तुरंत डॉक्टर या इमरजेंसी हेल्प लें।
डिस्क्लेमर:
यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी दवा या इलाज का विकल्प नहीं है। व्यक्तिगत सलाह के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
