Akshay Kumar on Cyber Crime: बेटी को आया अश्लील मैसेज, बोले– यही है साइबर क्राइम का खतरा
Akshay Kumar on Cyber Crime: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) न केवल फिल्मों में बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ में भी काफी अनुशासित और प्रोटेक्टिव माने जाते हैं। खासकर बच्चों के मामले में वह बेहद सतर्क रहते हैं। हाल ही में एक साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम में अक्षय कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उनकी बेटी नितारा को ऑनलाइन गेम खेलते वक्त एक अश्लील मैसेज मिला था।

क्या हुआ था वाकया?
अक्षय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी कुछ महीने पहले अपने फोन पर एक ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। इस गेम में वह किसी अनजान शख्स के साथ जुड़ी हुई थी। शुरुआत में वह शख्स सामान्य बातचीत करता रहा – जैसे “थैंक यू”, “वेल प्लेड”, “फैंटास्टिक” जैसे मैसेज भेजता रहा।
धीरे-धीरे उसने नितारा से पर्सनल सवाल पूछना शुरू कर दिया – “आप कहाँ रहती हैं?” और “आप मेल हैं या फीमेल?”। जैसे ही नितारा ने जवाब दिया कि वह फीमेल है, अचानक उस शख्स ने अश्लील मैसेज करते हुए कहा – “क्या आप मुझे अपनी न्यूड पिक्चर भेजेंगी?”
बेटी ने दिखाई समझदारी
अक्षय ने बताया कि यह मैसेज आते ही उनकी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर दिया और पूरी घटना अपनी मां ट्विंकल खन्ना को बता दी। अक्षय ने कहा – “यह बहुत अच्छी बात थी कि उसने कुछ भी छिपाया नहीं। इसी तरह गलत चीजों की शुरुआत होती है और यही साइबर क्राइम का बड़ा खतरा है।”
अक्षय कुमार की चेतावनी
अक्षय कुमार ने कहा कि साइबर क्राइम करने वाले लोग बच्चों को इसी तरह फंसाते हैं और फिर उन्हें ब्लैकमेल करके पैसों की डिमांड करते हैं। कई बार हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि पीड़ित आत्महत्या तक कर लेते हैं। उन्होंने पेरेंट्स को चेताया कि बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटीज पर हमेशा नजर रखें और उन्हें सही समय पर सचेत करें।
