CG Weather Today: अंबिकापुर में ठिठुरन बढ़ी, 8.9 डिग्री पहुंचा पारा; छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। आसमान साफ रहने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।

सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
अंबिकापुर में 8.9 डिग्री पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहा। किसी भी क्षेत्र में बारिश की गतिविधि दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को सुकमा में सबसे अधिक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।अंबिकापुर समेत सरगुजा क्षेत्र में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।
रायपुर में भी बढ़ने लगी ठंड
राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन का तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
छत्तीसगढ़ में मौसम सिस्टम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण बादल और बारिश की स्थिति बनती है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ पर कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।
