Diljit Concert Threat: दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, धमकी के बाद 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
Diljit Concert Threat: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होने वाले उनके संगीत कार्यक्रम से पहले धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

कार्यक्रम स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी अलर्ट पर हैं।
कॉन्सर्ट से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
शुक्रवार को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए महालक्ष्मी रेसकोर्स में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा निजी सुरक्षा कर्मियों की भी मदद ली जा रही है।
बम निरोधक दस्ते ने की जांच
मुंबई पुलिस के अनुसार, बम पहचान एवं निरोधक दस्ते (BDDS) ने कार्यक्रम स्थल की पूरी जांच कर ली है। सुरक्षा के मद्देनजर इस बार तीन की जगह सभी पांच प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
धमकी भरे ईमेल से मचा हड़कंप
26/11 मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर गुरुवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें महापौर कार्यालय, मेट्रो स्टेशनों और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।ईमेल में विस्फोट, ग्रेनेड हमले और आईईडी लगाने जैसी धमकियों का जिक्र किया गया। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस ने कार्यक्रम के लिए करीब 200 कांस्टेबल, 150 महिला कांस्टेबल और 75 अधिकारियों को तैनात किया है। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, डॉग स्क्वॉड और एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) की टीमें भी तैनात रहेंगी।रेसकोर्स के आसपास 500 से 700 मीटर तक का इलाका ‘नो-व्हीकल ज़ोन’ रहेगा और कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
आयोजकों को दिए गए विशेष निर्देश
सुरक्षा कारणों से आयोजकों को दिलजीत दोसांझ के होटल, यात्रा और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के समय की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही ‘RuPay Aura India Tour 2026’ के तहत आयोजित इस कॉन्सर्ट में किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर, झंडे और संकेतक लेकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
इससे पहले भी दिलजीत दोसांझ और अभिनेता अमिताभ बच्चन को कार्यक्रमों के दौरान बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं।
