Tesla Driverless Car: ना स्टीयरिंग होगा, ना ब्रेक-एक्सीलेरेटर पैडल! 6 से 7 लोगों के लिए ड्राइवरलेस फैमिली कार बनाने की तैयारी
Automobile Desk: कल्पना कीजिए कि आप अपनी पूरी फैमिली के साथ कार में बैठे हैं, लेकिन उसे चलाने के लिए न ड्राइवर की जरूरत है और न ही स्टीयरिंग या पैडल की। इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला (Tesla) ऐसी ही एक ड्राइवरलेस कार बनाने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी के CEO एलन मस्क ने संकेत दिया है कि टेस्ला Model Y का एक पूरी तरह ऑटोनॉमस वर्जन तैयार करना चाहती है, जिसमें स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेरेटर-ब्रेक पैडल नहीं होंगे। यह कार एक साथ 6 से 7 लोगों को सफर कराने में सक्षम हो सकती है।

Elon Musk ने DealBook Summit में किया खुलासा
एलन मस्क ने 18 नवंबर को आयोजित न्यूयॉर्क टाइम्स के DealBook Summit में इस योजना के बारे में बात की। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि टेस्ला अलग-अलग संख्या में यात्रियों को ले जाने वाले ऑटोनॉमस वाहन तैयार करना चाहती है। मस्क के मुताबिक, कंपनी Model Y का ऐसा वर्जन बनाने की योजना रखती है, जिसमें स्टीयरिंग व्हील और पैडल नहीं होंगे। इसे छह या सात लोगों के समूह और पूरे परिवार को सफर कराने के हिसाब से तैयार किया जाएगा। हालांकि, मस्क ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस कार का नाम क्या होगा, इसका उत्पादन कब शुरू होगा और इसे आम ग्राहकों के लिए बेचा जाएगा या यह सिर्फ टेस्ला की Robotaxi सर्विस का हिस्सा बनेगी। इसकी कीमत को लेकर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
दो सीटों वाली Cybercab से अलग होगी नई कार
टेस्ला पहले ही अपनी दो सीटों वाली ड्राइवरलेस कार Cybercab पेश कर चुकी है। अक्टूबर 2024 में सामने आई इस कार में भी स्टीयरिंग व्हील और पैडल नहीं दिए गए हैं। इसका इस्तेमाल कंपनी की Robotaxi सर्विस के लिए किया जा रहा है। मस्क ने बताया कि Cybercab दो यात्रियों के लिए बनाई गई है और उनके अनुमान के मुताबिक यह करीब 90 प्रतिशत यात्री यात्राओं की जरूरत पूरी कर सकती है। लेकिन परिवार या चार से छह लोगों के समूह के लिए बड़ी गाड़ी की जरूरत बनी रहेगी। इसी जरूरत को देखते हुए Model Y का ऑटोनॉमस वर्जन तैयार करने की योजना है।
Model Y L से जुड़ सकता है नया प्लान
मस्क ने इंटरव्यू में Model Y L का भी जिक्र किया और इसे कंपनी की लोकप्रिय कार बताया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए टेस्ला को Model Y का अधिक उत्पादन Model Y L के रूप में करने पर विचार करना पड़ सकता है। Model Y L तीन रो वाली छह सीटों वाली SUV है। खास बात यह है कि टेस्ला ने इसे जुलाई 2026 में अमेरिकी बाजार में भी लॉन्च कर दिया था। हालांकि, मस्क ने अपने ताजा बयान में यह साफ नहीं किया कि प्रस्तावित ड्राइवरलेस कार इसी Model Y L पर आधारित होगी या Model Y का कोई अलग वर्जन होगा।
Cybercab की निजी खरीद शुरू, लेकिन शर्तें भी लागू
इस बीच टेस्ला ने अपनी दो सीटों वाली Cybercab को चुनिंदा ग्राहकों के लिए निजी इस्तेमाल के उद्देश्य से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की है। इसकी शुरुआती कीमत 29,990 डॉलर रखी गई है। इसके अलावा कार चलाने के लिए 299 डॉलर प्रति महीने का अनिवार्य Autonomy Subscription भी बताया गया है। शुरुआती तौर पर इसकी उपलब्धता चुनिंदा ग्राहकों और निर्धारित Robotaxi सेवा क्षेत्रों तक सीमित है। यानी इसे खरीदने के बाद भी हर जगह चलाना संभव नहीं होगा। एलन मस्क ने बाद में मासिक सब्सक्रिप्शन शुल्क को ज्यादा बताते हुए कहा था कि इसे कम किया जाना चाहिए।
ड्राइवरलेस कार के सामने सुरक्षा और नियमों की चुनौती
बिना स्टीयरिंग और पैडल वाली कार बनाना जितना आधुनिक विचार है, उसे आम सड़कों पर चलाने के लिए उतनी ही बड़ी तकनीकी और कानूनी चुनौतियां भी हैं। वाहन की सुरक्षा, आपात स्थिति में नियंत्रण और ऑटोनॉमस सिस्टम की विश्वसनीयता जैसे मुद्दे अहम होंगे। अमेरिका की सड़क सुरक्षा एजेंसी NHTSA ने सितंबर 2026 में टेस्ला की Cybercab के सेल्फ-सर्टिफिकेशन की जांच के लिए Audit Query शुरू की थी। एजेंसी यह देख रही है कि बिना पारंपरिक ड्राइविंग कंट्रोल वाली कार ने संघीय वाहन सुरक्षा मानकों का पालन किस आधार पर प्रमाणित किया है। यह जांच Cybercab से संबंधित है, लेकिन इससे ड्राइवरलेस वाहनों के लिए सुरक्षा और नियामकीय मंजूरी की अहमियत समझी जा सकती है।
Tesla का फोकस अब Robotaxi और AI पर
टेस्ला अपने वाहन कारोबार में भी बदलाव कर रही है। कंपनी ने Model S और Model X की मैन्युफैक्चरिंग लाइन बंद कर दी हैं, ताकि वहां Optimus ह्यूमनॉइड रोबोट के उत्पादन की तैयारी की जा सके। वहीं, Cybertruck का उत्पादन 2027 के मध्य तक धीरे-धीरे बंद करने की योजना है। कंपनी इस क्षमता का इस्तेमाल ज्यादा Cybercab बनाने के लिए करना चाहती है। फिलहाल टेस्ला की छह से सात लोगों वाली ड्राइवरलेस Model Y सिर्फ एक प्रस्तावित योजना है। इसके डिजाइन, कीमत, लॉन्च और उपलब्धता को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी इस विचार को कब तक वास्तविक कार के रूप में सड़कों पर उतार पाती है।
