Dhamtari Anganwadi Protest: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में अनोखा नजारा, देवी बनाकर पूजा के दौरान महिला को आई सवारी, VIDEO वायरल
Dhamtari Anganwadi Protest: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के तीन दिवसीय आंदोलन के दौरान एक अनोखा घटनाक्रम सामने आया। अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान एक महिला को देवी स्वरूप सजाकर पूजा-पाठ किया। इसी बीच एक महिला कार्यकर्ता को अचानक “माता आने” की बात सामने आई, जिसके बाद धरना स्थल पर कुछ समय के लिए माहौल बदल गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

2300 से ज्यादा कार्यकर्ता-सहायिकाएं थीं आंदोलन में शामिल
धमतरी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की तीन दिवसीय हड़ताल बुधवार को समाप्त हुई। अपनी मांगों को लेकर जिले के 1164 आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी करीब 2300 से अधिक कार्यकर्ता और सहायिकाएं धरने पर बैठी थीं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर सरकार से बातचीत की जा रही है, लेकिन समाधान नहीं निकलने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
महिला कार्यकर्ता को बनाया देवी स्वरूप, उतारी गई आरती
प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता को काली माता के रूप में सजाया गया। उनके हाथ में खप्पर और उसमें जलती हुई आग रखी गई थी। वहीं अन्य कार्यकर्ता उनके सामने आरती करती और देवी सेवा गीत गाती नजर आईं। कुछ समय तक धरना स्थल पर माहौल धार्मिक कार्यक्रम जैसा दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह तरीका सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए अपनाया गया था।
यह भी पढ़ें: Raipur Cleaning Issue: रायपुर में सफाई व्यवस्था पर घमासान महापौर और अधिकारियों के बीच हंगामा
गीत के दौरान महिला को आई सवारी, बदला धरना स्थल का माहौल
जानकारी के अनुसार, कंकालिन देवी के गीत के दौरान अचानक एक महिला कार्यकर्ता की स्थिति बदल गई। वहां मौजूद लोगों ने इसे “माता आना” बताया। इसके बाद जो कार्यकर्ता कुछ समय पहले तक कार्यक्रम में शामिल थीं, वे हाथ जोड़कर प्रार्थना करने लगीं। महिला को धूप दिखाकर शांत कराने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन के तरीके पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने इसे अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का अनोखा तरीका बताया, जबकि कुछ लोगों ने धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को प्रदर्शन में शामिल करने पर सवाल उठाए हैं। वहीं प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी भी धर्म या देवी-देवता का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि लगातार आंदोलन के बावजूद सुनवाई नहीं होने के कारण उन्होंने यह तरीका अपनाया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
तीन दिवसीय धरना समाप्त होने के बाद भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी तीन सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर सकती हैं। अब सभी की नजर सरकार की ओर है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।
