CG Paddy Procurement 2026: पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी नहीं होगी प्रभावित, तहसीलदार और SDM करेंगे सत्यापन – राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा
CG Paddy Procurement 2026: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी को लेकर किसानों की चिंता पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटवारियों की हड़ताल का धान खरीदी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर दी है। अब किसानों के धान का सत्यापन तहसीलदार और एसडीएम करेंगे, जिससे खरीदी प्रक्रिया बिना रुकावट जारी रहेगी।

तहसीलदार और SDM संभालेंगे सत्यापन की जिम्मेदारी
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को किसानों के धान का सत्यापन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सत्यापन पूरा होने के बाद नियमानुसार धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और हड़ताल के कारण किसी भी किसान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Sukma NDPS Action: नशे के नेटवर्क पर सुकमा पुलिस का बड़ा एक्शन
कम उत्पादन होने पर भी मिलेगी आदान सहायता
मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने किसानों के हित में विशेष व्यवस्था की है। यदि पानी, खाद या बीज की कमी के कारण कोई किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान उत्पादन नहीं कर पाता है, तो वह जितना धान पैदा करेगा, उतना बेच सकेगा। इसके अलावा शेष पात्र मात्रा पर भी सरकार की ओर से आदान सहायता का लाभ मिलेगा।
उदाहरण देकर समझाया लाभ
मंत्री ने बताया कि यदि कोई किसान एक एकड़ में केवल 10 क्विंटल धान बेच पाता है, तो शेष 11 क्विंटल की पात्र मात्रा पर भी उसे आदान सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय की सुरक्षा करना है, ताकि प्राकृतिक या अन्य कारणों से उत्पादन कम होने पर भी उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
