Garlic Naan Recipe: मैदा नहीं, गेहूं के आटे से बनाएं टेस्टी गार्लिक नान
Garlic Naan Recipe: अगर आपको रेस्टोरेंट जैसा गार्लिक नान पसंद है, तो अब इसे घर पर भी बेहद आसानी से बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इस रेसिपी में मैदा की जगह गेहूं के आटे का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ थोड़ा हेल्दी भी बन जाता है।

मक्खन, लहसुन और अदरक की खुशबू से भरपूर यह नान दाल मखनी, शाही पनीर, मिक्स वेज या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ शानदार लगता है।इस रेसिपी के लिए आपको तंदूर या किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ एक साधारण तवा और घर में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री की मदद से आप मुलायम और रेस्टोरेंट स्टाइल गार्लिक नान तैयार कर सकते हैं। अगर वीकेंड पर परिवार के लिए कुछ खास बनाना चाहते हैं या डिनर को स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बेहतरीन विकल्प है।
गार्लिक नान बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप गेहूं का आटा
- 1 बड़ा चम्मच मक्खन
- 2 बड़े चम्मच तेल
- 5-6 लहसुन की कलियां
- 1 बड़ा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 3 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत अनुसार पानी
गेहूं के आटे से गार्लिक नान बनाने की आसान विधि
सबसे पहले गेहूं के आटे में नमक और तेल मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। इसे करीब 30 मिनट के लिए ढककर रख दें।इस दौरान लहसुन, अदरक और हरी मिर्च को बारीक काट लें। एक छोटे पैन में मक्खन गर्म करें और इसमें लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लें। ध्यान रखें कि लहसुन जले नहीं।अब आटे की लोइयां बनाकर बेलें। बीच में तैयार लहसुन-मक्खन का मिश्रण भरें और दोबारा हल्के हाथों से बेल लें।गर्म तवे पर नान को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें। ऊपर से मक्खन लगाकर गरमागरम दाल मखनी, शाही पनीर या अपनी पसंदीदा ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोसें।
