Bemetara News: उत्सव डेयरी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाई नष्ट
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेरला स्थित उत्सव डेयरी में भारी मात्रा में खराब और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थ नष्ट कराए। निरीक्षण के दौरान करीब 2,000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो विभिन्न प्रकार की मिठाइयां खराब हालत में मिलीं। कई पैकेटों में फफूंद भी पाई गई। विभाग ने नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मौके पर ही पूरी सामग्री नष्ट कराई।

गंदगी के बीच रखा था खोवा और पनीर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में रायपुर से पहुंची विशेष टीम ने 15 नवंबर को उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि खोवा, पनीर और मिठाइयों का भंडारण अत्यंत अस्वच्छ वातावरण में किया जा रहा था। कई खाद्य पैकेटों में फफूंद लगी हुई थी, फर्श फिसलन भरा था और परिसर में स्वच्छता के मानकों का गंभीर उल्लंघन मिला।
दूध फाड़ने में इस्तेमाल हो रहा था गैर-फूड ग्रेड एसिड
निरीक्षण के दौरान टीम ने यह भी पाया कि डेयरी में दूध फाड़ने के लिए फूड ग्रेड एसिटिक एसिड की बजाय गैर-फूड ग्रेड एसिटिक एसिड का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग के अनुसार, खाद्य निर्माण में इस तरह के रसायन का उपयोग उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
3 हजार किलो से अधिक खाद्य सामग्री कराई गई नष्ट
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने मौके पर रखे 2,000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाइयों को नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।
यह भी पढ़ें: CG Protest: शिक्षक बनने का सपना कब होगा पूरा? शिक्षा मंत्री के बंगले का
एनालॉग पनीर बनाने के संदेह में लिए गए नमूने
खाद्य विभाग ने डेयरी में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की आशंका के आधार पर खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
6 साल से चल रही डेयरी, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि उत्सव डेयरी पिछले लगभग छह वर्षों से संचालित हो रही है। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री के भंडारण और कारोबार के बावजूद स्थानीय स्तर पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसे लेकर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य में चल रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
