Death Penalty: UN में मौत की सजा पर रोक का प्रस्ताव पास, भारत-अमेरिका समेत 33 देशों ने किया विरोध; 133 देशों का समर्थन
Death Penalty: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में मौत की सजा यानी मृत्युदंड पर रोक लगाने से जुड़ा प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया है। शुक्रवार, 13 नवंबर को हुए मतदान में 133 देशों ने प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया, जबकि भारत, अमेरिका और चीन समेत 33 देशों ने इसका विरोध किया। वहीं, 16 देश मतदान से दूर रहे। यह प्रस्ताव मेक्सिको की ओर से पेश किया गया था।

193 सदस्य देशों वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव के पक्ष में पड़े वोटों के बावजूद भारत समेत कई देशों ने इसका समर्थन नहीं किया। प्रस्ताव में सभी देशों से फांसी पर रोक लगाने और धीरे-धीरे मृत्युदंड की व्यवस्था खत्म करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की गई थी।
भारत के साथ अमेरिका, चीन और पाकिस्तान ने भी किया विरोध
मेक्सिको की ओर से पेश किए गए इस प्रस्ताव का नाम ‘Moratorium on the Use of the Death Penalty’ है। भारत ने इसके खिलाफ मतदान किया। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, पाकिस्तान, जापान, ईरान, इराक, सऊदी अरब, मिस्र, बहरीन, कुवैत, मालदीव, ओमान और कतर समेत 33 देशों ने प्रस्ताव का विरोध किया। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि हर देश को अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में अपनी न्याय व्यवस्था और सजा तय करने का अधिकार है। इसके साथ ही जिन देशों में मृत्युदंड खत्म किया जा चुका है, उनसे इसे दोबारा लागू नहीं करने की अपील की गई।
यह भी पढ़ें: Bemetara News: उत्सव डेयरी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार
18 साल से कम उम्र में अपराध करने वालों को मृत्युदंड न देने की अपील
प्रस्ताव में कहा गया कि अपराध के समय 18 साल से कम उम्र के लोगों को मौत की सजा नहीं दी जानी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की अपराध के समय उम्र 18 साल से अधिक थी या नहीं, यह स्पष्ट रूप से तय न हो सके, तब भी उसे मृत्युदंड नहीं देने की अपील की गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं, मानसिक या बौद्धिक दिव्यांगता वाले लोगों और बुजुर्गों को भी मृत्युदंड से छूट देने की बात कही गई। प्रस्ताव में उन अपराधों की संख्या कम करने का सुझाव भी दिया गया, जिनमें मौत की सजा दी जा सकती है। साथ ही ऐसे कानूनों को हटाने की अपील की गई, जिनमें किसी अपराध के लिए मृत्युदंड देना अनिवार्य होता है।
2025 में फांसी की घटनाओं में बढ़ोतरी पर जताई चिंता
प्रस्ताव में दुनिया भर में मृत्युदंड के इस्तेमाल पर चिंता जताई गई। इसमें कहा गया कि कई देश इस सजा के इस्तेमाल को सीमित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन 2025 में दर्ज फांसी की घटनाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सभी देशों से मृत्युदंड के इस्तेमाल को धीरे-धीरे कम करने और फांसी पर रोक लगाने की अपील की है। हालांकि, भारत समेत 33 देशों ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया।
