CG DA News: दिवाली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा की मांग, मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने CM साय को लिखा पत्र
CG DA News: छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को लेकर मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर राज्योत्सव और दीपावली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा करने की मांग की है।

संघ ने प्रदेश के करीब 4 लाख शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हितों का हवाला देते हुए 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ता एरियर्स सहित जल्द स्वीकृत करने का आग्रह किया है।
1 जनवरी 2026 से DA देने की मांग
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने अपने पत्र में कहा है कि कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते की घोषणा का इंतजार है। संघ ने मांग की है कि सरकार जल्द निर्णय लेते हुए महंगाई भत्ते को मंजूरी दे और नियमानुसार बकाया राशि का भुगतान भी सुनिश्चित करे। संघ के अनुसार, महंगाई बढ़ने के कारण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। ऐसे में समय पर DA की घोषणा होने से उन्हें आर्थिक राहत मिल सकेगी।
दिवाली और राज्योत्सव से पहले घोषणा की अपील
संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि राज्योत्सव और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को देखते हुए महंगाई भत्ते की घोषणा की जाए।कर्मचारी संघ का कहना है कि पर्व के समय सरकार की ओर से DA की सौगात मिलने से कर्मचारियों में उत्साह बढ़ेगा और शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
कर्मचारियों में उम्मीद और इंतजार
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे और जल्द निर्णय लेंगे। संघ ने कहा कि महंगाई भत्ते की घोषणा से प्रदेश के लाखों शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
