Featuredखेल

46th Chess Olympiad 2026: भारत का शानदार प्रदर्शन, पुरुष टीम ने जीता सिल्वर तो महिलाओं ने ब्रॉन्ज पर किया कब्जा

46th Chess Olympiad 2026: उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित 46वें FIDE Chess Olympiad 2026 में भारत ने दो टीम मेडल के साथ शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने Open Category में सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि Women’s Category में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। मेजबान उज्बेकिस्तान ने ओपन वर्ग में गोल्ड जीता, जबकि चीन महिला वर्ग का चैंपियन बना।

46th Chess Olympiad 2026

भारत 2024 के चेस ओलंपियाड में ओपन और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीतकर समरकंद पहुंचा था। इस बार भारतीय टीम गोल्ड को बरकरार नहीं रख सकी, लेकिन दोनों वर्गों में पोडियम फिनिश करने में सफल रही।

भारतीय पुरुष टीम ने जीता सिल्वर मेडल

ओपन कैटेगरी के आखिरी यानी 11वें राउंड में भारत का मुकाबला हंगरी से हुआ। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा और भारत ने टूर्नामेंट का समापन 18 मैच पॉइंट के साथ किया। जर्मनी के भी 18 मैच पॉइंट रहे, लेकिन टाई-ब्रेक में भारत आगे रहा और उसे सिल्वर मेडल मिला। जर्मनी को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। वहीं मेजबान उज्बेकिस्तान ने आखिरी राउंड में यूक्रेन को 2.5-1.5 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

अर्जुन एरिगैसी ने दिलाई भारत को जीत

हंगरी के खिलाफ फाइनल राउंड में अर्जुन एरिगैसी ने पीटर लेको को हराया। आर प्रज्ञानानंदा और रिचर्ड रैपोर्ट की बाजी ड्रॉ रही, जबकि निहाल सरीन ने बेंजामिन ग्लेडुरा के खिलाफ ड्रॉ खेला। डी गुकेश को ग्लेब डुडिन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भारत मुकाबले को 2-2 से ड्रॉ कराने में कामयाब रहा और सिल्वर मेडल हासिल किया।

महिला टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

महिला वर्ग में भारत ने आखिरी राउंड में मजबूत जॉर्जियाई टीम के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। भारतीय महिला टीम 18 मैच पॉइंट के साथ टाई-ब्रेक के आधार पर तीसरे स्थान पर रही और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। चीन ने आखिरी राउंड में वियतनाम को 3-1 से हराकर 20 मैच पॉइंट के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं कजाकिस्तान ने पोलैंड के खिलाफ 2-2 का ड्रॉ खेलकर सिल्वर मेडल हासिल किया।

कोनेरू हम्पी ने दिलाई मजबूत शुरुआत

जॉर्जिया के खिलाफ भारत के निर्णायक मुकाबले में कोनेरू हम्पी ने नाना ज़ाग्निद्ज़े को हराकर टीम को अहम जीत दिलाई। हालांकि दिव्या देशमुख को बेला खोतेनाशविली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वंतिका अग्रवाल और लेला जावाखिशविली के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। सविता श्री ने मेरी अराबिद्ज़े के खिलाफ अपनी बाजी ड्रॉ कराकर टीम का ओवरऑल स्कोर 2-2 किया और भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।

सविता श्री का शानदार प्रदर्शन

भारतीय महिला टीम के लिए सविता श्री का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में खास रहा। उन्होंने अपने शानदार खेल के दम पर व्यक्तिगत सम्मान भी हासिल किया। भारत के अन्य खिलाड़ियों ने भी व्यक्तिगत बोर्ड मेडल जीतकर देश की पदक संख्या बढ़ाई। ओपन वर्ग में भी आर प्रज्ञानानंदा सहित भारतीय खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टीम इंडिया के ओपन स्क्वॉड में प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगैसी, निहाल सरीन, डी गुकेश और विदित गुजराती शामिल थे।

2024 में भारत ने जीते थे दोनों गोल्ड

भारत ने 2024 में बुडापेस्ट में आयोजित पिछले चेस ओलंपियाड में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए Open और Women’s दोनों सेक्शन में गोल्ड मेडल जीता था। भारत इस बार दोनों खिताब के डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरा था। 46वां चेस ओलंपियाड समरकंद में 11 राउंड के स्विस सिस्टम के तहत खेला गया। फाइनल राउंड 27 सितंबर को आयोजित हुआ।

46th Chess Olympiad 2026 Team Medal Winners

Open Category
Gold – Uzbekistan
Silver – India
Bronze – Germany

Women’s Category
Gold – China
Silver – Kazakhstan
Bronze – India

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *