Raipur News: रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद! खारुन नदी उफान पर, महादेव घाट पुल के ऊपर बह रहा 2 फीट पानी
Raipur News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट स्थित पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बहने के कारण रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग उफनती नदी को देखने के लिए पुल के आसपास पहुंच रहे हैं। कई लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी और वीडियो बनाते भी नजर आ रहे हैं।

कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के कारण खारुन नदी उफान पर है। प्रशासन और पुलिस की टीम लोगों को नदी तथा पुल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
महादेव घाट पुल पर 2 फीट ऊपर बह रहा पानी
लगातार बारिश का असर राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। खारुन नदी में पानी बढ़ने के बाद महादेव घाट पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बह रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पानी का बहाव तेज होने के कारण इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो सकता है।
Raipur-Amleshwar Road Closed: पुल के दोनों ओर जुटी भीड़
रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद होने के बावजूद महादेव घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोग उफनती खारुन नदी को देखने पहुंच रहे हैं। कुछ लोग नदी के तेज बहाव के नजदीक जाकर सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। लगातार बारिश और तेज बहाव के बीच इस तरह की गतिविधि गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुल और नदी के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की समझाइश देने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात है।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh Train: भारी बारिश से ट्रेनों की रफ्तार पर असर, रायपुर पहुंचने..
लगातार बारिश से उफान पर खारुन नदी
खारुन नदी शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदियों में से एक है। इसका उद्गम बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से माना जाता है। बीते तीन दिनों से बालोद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ा है। सामान्य दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहने वाली खारुन बारिश के दौरान तेज बहाव के साथ उफान पर आ जाती है। महादेव घाट के अलावा रायपुर-दुर्ग मार्ग पर खारुन नदी के आसपास भी लोग बढ़े हुए जलस्तर को देखने पहुंच रहे हैं।
पुलिस दे रही समझाइश, फिर भी कम नहीं हो रही भीड़
महादेव घाट क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की टीम लोगों को पुल और नदी के खतरनाक हिस्सों से दूर रहने की समझाइश दे रही है। इसके बावजूद उफनती नदी का नजारा देखने और मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है। ऐसे मौसम में नदी किनारे जाना, तेज बहाव के पास खड़े होना या पानी से भरे पुल को पार करने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश जारी
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों और जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पानी के तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने से बचना चाहिए।
महादेव घाट जाने वाले लोग बरतें सावधानी
खारुन नदी का बढ़ा जलस्तर और पुल के ऊपर बहता पानी खतरे का संकेत है। लोगों से अपील है कि केवल फोटो, सेल्फी या वीडियो के लिए नदी के तेज बहाव के पास न जाएं। प्रशासन की ओर से बंद किए गए मार्ग या बैरिकेड को पार करने की कोशिश न करें। बारिश के दौरान जलस्तर अचानक और बढ़ सकता है, इसलिए स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
