Asian Games 2026: एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर के कंधों पर गोल्ड बचाने की जिम्मेदारी
Asian Games 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।

भारतीय महिला टीम इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। पिछले एशियन गेम्स 2023 में भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब टीम के सामने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतने की चुनौती होगी।
गोल्ड मेडल बचाने उतरेगी टीम इंडिया
हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला टीम इस बार भी मजबूत संयोजन के साथ उतरेगी। चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण तैयार किया है।
टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, रेणुका ठाकुर और राधा यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं युवा खिलाड़ियों जी. कमलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा को भी मौका दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Punctuality BZA App: 15 मिनट लेट हुई ट्रेन तो मिलेगा अलर्ट, भारतीय रेलवे का
श्रेयांका पाटिल की फिटनेस पर रहेगा फैसला
ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल का चयन उनकी मेडिकल फिटनेस पर निर्भर रहेगा। यदि उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल जाती है तो वे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम
- हरमनप्रीत कौर (कप्तान)
- स्मृति मंधाना (उपकप्तान)
- शेफाली वर्मा
- जेमिमा रोड्रिग्स
- दीप्ति शर्मा
- ऋचा घोष (विकेटकीपर)
- जी. कमलिनी (विकेटकीपर)
- भारती फुलमाली
- श्री चरणी
- रेणुका ठाकुर
- क्रांति गौड़
- अरुंधति रेड्डी
- श्रेयांका पाटिल* (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन)
- राधा यादव
- नंदनी शर्मा
जापान में होगा एशियन गेम्स 2026 का आयोजन
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची और नागोया शहरों में सितंबर महीने में होगा। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता भी इस बहु-खेल आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जहां भारतीय टीम लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें एक बार फिर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी और टीम इंडिया के प्रदर्शन पर रहेंगी।
