Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी और उमस, मानसून की दस्तक में देरी, अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। जून का पहला पखवाड़ा खत्म होने के बावजूद प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बरकरार है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन की संभावना जताई है।

CG Weather Update

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान बेमेतरा में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौरान सूरजपुर जिले के ओड़गी में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

इन जिलों में हुई बारिश

सूरजपुर के ओड़गी में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर के कांसाबेल में 2-2 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर, पाली, करतला, गिधौरी टुंड्रा, प्रेमनगर और मुकडेगा में 1-1 सेमी बारिश दर्ज हुई।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

  • रायपुर – 39.0°C
  • माना – 39.7°C
  • बिलासपुर – 39.7°C
  • पेंड्रा – 37.0°C
  • अंबिकापुर – 36.8°C
  • जगदलपुर – 38.3°C
  • दुर्ग – 41.2°C

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। हालांकि, लोगों को गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है। राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *