NEET UG Re-Exam 2026: बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को मिलेगी खास सुविधा, NTA ने बदला बुकलेट डिजाइन, जानें पूरी टाइमलाइन
NEET UG Re-Exam 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG री-एग्जाम परीक्षा को अधिक छात्र-अनुकूल और पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इस बार परीक्षा की अवधि बढ़ाने के साथ-साथ प्रश्न पुस्तिका (बुकलेट) के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। खास तौर पर बाएं हाथ (Left-Handed) से लिखने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।

पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा आयोजित की जा रही NEET UG 2026 परीक्षा में छात्रों को अतिरिक्त समय, रफ वर्क के लिए अधिक जगह और बेहतर परीक्षा अनुभव देने का प्रयास किया गया है। एनटीए ने उम्मीदवारों को परीक्षा दिवस की पूरी टाइमलाइन भी जारी कर दी है।
बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए खास सुविधा
इस बार NEET UG री-एग्जाम की बुकलेट का लेआउट बदला गया है। पहले रफ वर्क के पेज बुकलेट के अंतिम हिस्से में होते थे, जिससे बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को बार-बार पीछे के पन्नों तक जाना पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत अब इंस्ट्रक्शन पेज के तुरंत बाद ही रफ वर्क के लिए दो अतिरिक्त पेज दिए जाएंगे। इससे लेफ्ट-हैंडेड छात्रों को गणना और नोट्स बनाने में सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।
यह भी पढ़ें: CG Vidhan Sabha Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से..
परीक्षा अवधि बढ़ाकर 195 मिनट की गई
एनटीए ने परीक्षा की कुल अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है। अतिरिक्त 15 मिनट प्रशासनिक प्रक्रियाओं जैसे बायोमेट्रिक सत्यापन, उपस्थिति दर्ज कराने और अन्य औपचारिकताओं के लिए दिए जाएंगे। इससे छात्रों को परीक्षा के दौरान बार-बार बाधित नहीं किया जाएगा और वे पूरे फोकस के साथ प्रश्न हल कर सकेंगे।
NEET UG Re-Exam 2026: परीक्षा दिवस की पूरी टाइमलाइन
- सुबह 11:00 बजे: परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश और सुरक्षा जांच शुरू
- दोपहर 01:30 बजे: मुख्य प्रवेश द्वार बंद
- दोपहर 01:40 बजे: परीक्षा कक्ष में अंतिम प्रवेश
- दोपहर 01:55 बजे: टेस्ट बुकलेट वितरण
- दोपहर 02:00 बजे: परीक्षा शुरू
- शाम 05:15 बजे: परीक्षा समाप्त
- दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए: परीक्षा शाम 06:20 बजे तक
रफ वर्क के लिए मिलेगा अतिरिक्त स्पेस
फिजिक्स और केमिस्ट्री के न्यूमेरिकल प्रश्नों को हल करने के लिए इस बार प्रश्न पुस्तिका में अधिक रफ वर्क स्पेस दिया गया है। लंबे कैलकुलेशन करने वाले छात्रों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया की अफवाहों से रहें सावधान
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित स्रोतों पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह से बचने की सलाह दी गई है।
