IPL 2026: आज इकाना में LSG और RCB की टक्कर, जानें किस टीम का पलड़ा भारी
IPL 2026: आईपीएल 2026 का 50वां मुकाबला गुरुवार शाम लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है, लेकिन आंकड़ों पर नजर डालें तो आरसीबी का पलड़ा भारी दिखाई देता है।

इकाना में RCB के खिलाफ नहीं जीत पाई LSG
इकाना क्रिकेट स्टेडियम एलएसजी का होम ग्राउंड जरूर है, लेकिन इस मैदान पर टीम का रिकॉर्ड आरसीबी के खिलाफ बेहद खराब रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच इकाना में 2 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों बार आरसीबी ने जीत दर्ज की है।
- 2023 में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने 18 रन से जीत हासिल की थी।
- वहीं 2025 में आरसीबी ने एलएसजी को 6 विकेट से हराया था।
ऐसे में एक बार फिर लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत का इंतजार खत्म करना चाहेगी।
IPL 2026 में LSG का खराब प्रदर्शन
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स का इस सीजन प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत हासिल की है और अंकतालिका में आखिरी यानी 10वें स्थान पर मौजूद है। एलएसजी लगातार 6 मुकाबले हार चुकी है, जिससे टीम का आत्मविश्वास भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में मजबूत फॉर्म में चल रही आरसीबी के खिलाफ जीत हासिल करना आसान नहीं होगा।
RCB शानदार फॉर्म में
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा है। टीम ने 9 मैचों में 6 जीत दर्ज की है और 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है।हालांकि पिछले मुकाबले में आरसीबी को गुजरात जायंट्स के खिलाफ 4 विकेट से हार मिली थी, लेकिन टीम इस मैच में जीत के साथ वापसी करना चाहेगी। अगर आरसीबी यह मुकाबला जीतती है तो वह अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच सकती है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
एलएसजी और आरसीबी के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं।
- आरसीबी की जीत – 5
- एलएसजी की जीत – 2
सीजन के पहले मुकाबले में भी आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था।
