200 Years of Hindi Journalism: हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे गौरव मार्तंड उत्सव में शामिल हुए CM विष्णु देव साय, प्रेस क्लब को 1 करोड़ की सौगात
200 Years of Hindi Journalism: हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा शनिवार को ‘गौरव मार्तंड उत्सव’ का आयोजन किया गया। श्रीराम मंदिर के सुंदर सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के इतिहास, उसकी उपलब्धियों और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

पत्रकारिता ने देश में जगाई थी आजादी की अलख: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1826 में प्रकाशित ‘उदंत मार्तंड’ ने हिंदी पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश में राष्ट्रीय चेतना जगाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, माधवराव सप्रे और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने पत्रकारिता को समाज जागरण का सशक्त माध्यम बनाया।
छत्तीसगढ़ का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारतीय पत्रकारिता का इतिहास लिखा जाएगा, तब छत्तीसगढ़ का नाम विशेष रूप से दर्ज होगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के महान पत्रकार और साहित्यकार माधवराव सप्रे के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ‘छत्तीसगढ़ मित्र’ के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मीडिया की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सच्ची तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मीडिया का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है।
यह भी पढ़ें: Mango Rasmalai Recipe: आम के शौकीनों के लिए खास, घर पर बनाएं ठंडी-ठंडी मैंगो रसमलाई
रायपुर प्रेस क्लब को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए रायपुर प्रेस क्लब के लिए 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की विभिन्न मांगों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
पत्रकारिता का मूल धर्म समाज को दिशा देना: ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज और राष्ट्र को सही दिशा देना है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने बीते 200 वर्षों में समाज को जागरूक और शिक्षित बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
पत्रकारिता को तथ्य आधारित बनाए रखना जरूरी: डॉ. के.जी. सुरेश
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के.जी. सुरेश ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं। उन्होंने शोधपरक, तथ्यात्मक और साक्ष्य आधारित पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट पत्रकारों को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। साथ ही हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित विशेषांक, पत्रकार डायरेक्टरी और पुस्तक ‘मैं अगहन हूं’ का विमोचन भी किया गया।
