Instagram Account Hack Risk: मेटा के दावे के बाद भी नहीं टला खतरा, यूजर्स के अकाउंट हो रहे हाईजैक
Instagram Account Hack Risk: इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम अकाउंट हैक और हाईजैक होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मेटा द्वारा सुरक्षा खामी को ठीक करने का दावा किए जाने के बावजूद कई यूजर्स अब भी अकाउंट कॉम्प्रोमाइज होने की शिकायत कर रहे हैं।

मेटा AI का इस्तेमाल कर रहे हैं हैकर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइबर अपराधी इंस्टाग्राम अकाउंट्स तक पहुंच बनाने के लिए मेटा AI सपोर्ट सिस्टम का दुरुपयोग कर रहे हैं। हैकर्स पहले VPN की मदद से अपनी लोकेशन को टारगेट यूजर की लोकेशन जैसा दिखाते हैं। इसके बाद वे इंस्टाग्राम के “Forgot Password” विकल्प का इस्तेमाल करते हुए AI सपोर्ट फीचर तक पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि विशेष प्रॉम्प्ट्स के जरिए हैकर्स अकाउंट में नया ईमेल एड्रेस जोड़ने की रिक्वेस्ट करते हैं। यदि यह प्रक्रिया सफल हो जाती है, तो वे वेरिफिकेशन कोड प्राप्त कर अकाउंट पर नियंत्रण हासिल कर सकते हैं।
मेटा ने किया था समस्या दूर करने का दावा
मामला सामने आने के बाद मेटा ने कहा था कि सुरक्षा खामी को दूर कर लिया गया है और प्रभावित अकाउंट्स को सुरक्षित किया जा रहा है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि इस समस्या से कितने यूजर्स प्रभावित हुए थे।
यूजर्स अब भी कर रहे शिकायत
कई यूजर्स का दावा है कि सुरक्षा अपडेट के बावजूद समस्या बनी हुई है। कुछ मामलों में मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) सक्रिय होने के बाद भी अकाउंट हाईजैक होने की शिकायत सामने आई है। इससे इंस्टाग्राम यूजर्स की चिंता और बढ़ गई है।
अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये तरीके
- टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) हमेशा ऑन रखें।
- मजबूत और यूनिक पासवर्ड का उपयोग करें।
- अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल न करें।
- संदिग्ध लॉगिन या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पासवर्ड बदलें।
- अकाउंट की रिकवरी ईमेल और मोबाइल नंबर को नियमित रूप से जांचते रहें।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहकर ही ऐसे खतरों से बचा जा सकता है।
