Chhattisgarh Pollution Control Board: पर्यावरण विभाग की बड़ी कार्रवाई 94 प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस, 3.03 करोड़ रुपये का जुर्माना
CG Environment News: छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) ने पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 उद्योगों को नोटिस जारी किया है। वहीं 82 उद्योगों के विरुद्ध उत्पादन बंद करने अथवा विद्युत विच्छेदन के निर्देश भी दिए गए हैं। जनवरी 2025 से मई 2026 तक की गई इस कार्रवाई में कुल 3.03 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (जुर्माना) वसूली गई है। इस बीच राजधानी रायपुर की वायु गुणवत्ता में भी लगभग 4 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है।

प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर कड़ा शिकंजा
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में संचालित उद्योगों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान जल एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
आंकड़ों के अनुसार 96 उद्योगों पर कुल 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार 125 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई। वहीं बिना तारपोलिन ढंके कच्चा माल, उत्पाद एवं ठोस अपशिष्ट परिवहन करने वाले 136 उद्योगों और संस्थानों पर 51 लाख 2 हजार 323 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
फ्लाई ऐश डंपिंग पर भी कार्रवाई
पर्यावरणीय अनुमति के बिना फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग के मामलों में दो उद्योगों पर 12 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई। मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: CG Ebola Virus Alert: छत्तीसगढ़ में इबोला की आहट! दुर्ग-भिलाई में मिले 3 संदिग्ध मरीज..
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज
Plastic Waste Management Amendment Rules 2021 और छत्तीसगढ़ प्लास्टिक एवं अन्य गैर-बायोडिग्रेडेबल सामग्री नियम 2023 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू है। जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच एक उद्योग को बंद कराते हुए 87,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसके खिलाफ न्यायालय में परिवाद भी दायर किया गया। वहीं एक अन्य उद्योग पर 6.25 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई। इसके अलावा दो अन्य उद्योगों पर भी उत्पादन बंद करने की कार्रवाई की गई।
रायपुर की वायु गुणवत्ता में दर्ज हुआ सुधार
राजधानी रायपुर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 4 Continuous Ambient Air Quality Monitoring Stations (CAAQMS) और 6 National Ambient Air Monitoring Programme (NAMP) स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं।
वर्ष 2024 में रायपुर का औसत Air Quality Index (AQI) 65.38 था, जो वर्ष 2025 में घटकर 62.86 हो गया है। इस प्रकार शहर की वायु गुणवत्ता में लगभग 4 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है, जो प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।
स्वच्छ पर्यावरण के लिए जारी रहेगी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कहा है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मंडल का उद्देश्य प्रदेश में स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना है।
