CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
इन जिलों में बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में बारिश और अंधड़ के संकेत
रायपुर शहर में 4 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर में बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 04 June 2026: किस्मत किन राशियों पर मेहरबान, जानें आज का भविष्यफल
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खुले में रखी फसलों को सुरक्षित रखने, बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और वाहन सावधानीपूर्वक चलाने की अपील की है। साथ ही वर्षा के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों के उपयोग से बचने की सलाह भी दी गई है।
