CG Weather Today: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, अब दिन गर्म और रातें होंगी ठंडी
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस लौटने लगा है। मानसून की वापसी के साथ ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी बढ़ सकती है, जबकि रात के तापमान में गिरावट आने से ठंडक का एहसास बढ़ेगा।

कई संभागों से मानसून की वापसी शुरू
मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। लगातार बारिश के बाद अब प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे साफ और शुष्क होने लगेगा।इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 53 मिलीमीटर अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं सितंबर महीने में भी सामान्य से लगभग 34 फीसदी ज्यादा बारिश हुई।
34 डिग्री तक पहुंचा दिन का तापमान
मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है। कई जिलों में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में बादलों की गतिविधियां कम होने के कारण दिन में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
बदलेगा हवा का रुख, बढ़ेगी शुष्कता
मौसम में बदलाव के साथ हवाओं का रुख भी बदलने लगेगा। वातावरण में नमी कम होने से शुष्कता बढ़ेगी। इसके चलते रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है।यानी छत्तीसगढ़ में अब दिन गर्म और रातें ठंडी होने का मौसम शुरू हो सकता है।
साफ रहेगा मौसम, कुछ जगह हल्की बारिश संभव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम ज्यादातर साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि स्थानीय परिस्थितियों के कारण कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल या छिटपुट बारिश की संभावना बनी रह सकती है।
