CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर मेहरबान, रायपुर में सुबह से बारिश, अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम
CG Weather Today: रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। रविवार के बाद सोमवार सुबह से भी रायपुर में बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 31 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह से जारी बारिश के कारण शहर में कई जगह जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अगले 5 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब है और बारिश में सामान्य से करीब 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, धमतरी, कांकेर, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है।
वहीं बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान है। लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा 12 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी, जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर में 6 सेमी, जबकि कई अन्य इलाकों में 4 से 5 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
