Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, रायपुर में 12 सेमी बारिश; अगले 2 दिन भी बरसेंगे बादल

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सावन के अंतिम सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। राजधानी रायपुर में दिनभर बारिश होती रही और 12 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।

CG Weather Today 25 August 2026

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है और करीब 4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में कहां कितनी बारिश हुई?

रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सबसे ज्यादा बारिश छोटेडोंगर में 18 सेमी, अंतागढ़ और बास्तानार में 16-16 सेमी हुई। इसके अलावा चलगली, माकड़ी, बड़े बचेली, दौरा कोचली और नारायणपुर में 13-13 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

मंगलवार सुबह रायपुर में धूप नजर आई, लेकिन मौसम विभाग ने बादल छाने के साथ बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

प्रदेश में सोमवार को कैसा रहा मौसम?

सोमवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहा। बस्तर संभाग में अनेक स्थानों पर, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा।

इन मौसम प्रणालियों से हो रही बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड से होकर करीब 3.1 किमी की ऊंचाई तक फैली है। इन सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *