Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: मानसून रूठा तो फिर चढ़ा पारा, 10 सितंबर से बारिश बढ़ने के आसार

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में लगभग न के बराबर बारिश दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। 9 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

CG Weather Today 09 September 2026

मौसम विभाग के अनुसार, 12 सितंबर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा भी हो सकती है।

CG Weather Today: प्रदेश में फिर बढ़ने लगा तापमान

बारिश थमने के बाद छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर ही बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड और दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की कमी के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे कई इलाकों में उमस वाली गर्मी महसूस की जा रही है।

CG Weather Today: रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में भी तापमान बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह राजधानी में धूप देखने को मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आज बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।

10 सितंबर से बढ़ सकती है बारिश की गतिविधि

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके बाद 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासकर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। 12 सितंबर से बस्तर क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

CG Weather: मौसम में बदलाव के पीछे कौन से सिस्टम?

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, मुजफ्फरपुर, बस्ती, डेहरी और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास सक्रिय है। वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।

11 सितंबर को बन सकता है निम्न दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर आंध्र प्रदेश तट-दक्षिण ओडिशा तट के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के बनने के बाद बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है।

कब मिलेगी गर्मी से राहत?

फिलहाल प्रदेश में बारिश कमजोर होने के कारण तापमान बढ़ रहा है और उमस से परेशानी बनी हुई है। 9 सितंबर से कुछ इलाकों में बारिश की शुरुआत और 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं 12 सितंबर से बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *