CG Weather Today: जन्माष्टमी पर बदल सकता है मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून अभी भी सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर से बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।

जन्माष्टमी के दिन रायपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।
जन्माष्टमी पर रायपुर में बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 4 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। दिन में एक-दो बार हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटे कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। इस दौरान जगदलपुर में अधिकतम तापमान 27.7°C और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है। अगले 24 घंटों में इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में पोंडी बचरा में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुसमी (8 सेमी), दावरा कोचली (6 सेमी), राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर (5-5 सेमी) बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
