CG Tehsildar Strike: आज से तहसीलदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग, शासकीय कामकाज पर असर
CG Tehsildar Strike: छत्तीसगढ़ में नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट के मामले ने अब बड़ा प्रशासनिक रूप ले लिया है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज तहसीलदार और नायब तहसीलदार आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, जिससे राजस्व समेत कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ा अधिकारियों का आक्रोश
संघ का कहना है कि 29 मई को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया था और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों में भारी नाराजगी है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि राजस्व अधिकारियों और कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों के साथ मारपीट जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई नहीं होती, तो इससे अधिकारियों का मनोबल कमजोर होगा और कार्यस्थलों पर भय का माहौल बनेगा।
क्या है पूरा मामला?
मामला सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील का है। जानकारी के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े एक शाख शोध पत्र के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था।
सीमा धनकी का आरोप है कि कई दिनों तक काम नहीं होने के कारण उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने को कहा, जिस पर कथित रूप से विवाद की स्थिति बन गई। बाद में इस घटना की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई।
विधायक समर्थकों पर मारपीट का आरोप
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उन्हें राजापुर बुलाकर मारपीट की। उन्होंने कहा कि विधायक समर्थक पहले से ही हमला करने के इरादे से पहुंचे थे। घटना के दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा ने हस्तक्षेप कर नायब तहसीलदार को वहां से सुरक्षित निकाला और अंबिकापुर रवाना किया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर एफआईआर दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: CG Weather Update: जून की शुरुआत बारिश और आंधी के साथ, रायपुर..
नायब तहसीलदार की शिकायत पर:
- विधायक रामकुमार टोप्पो
- यूसुफ
- नाजिम राजा
- पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज
धाराएं:
- BNS 221
- BNS 191
- शासकीय कार्य में बाधा
- मारपीट और अन्य आरोप
विधायक पक्ष की शिकायत पर:
नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
धाराएं:
- BNS 79
- BNS 296
- BNS 351
- महिलाओं से संबंधित अपराध
- सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार
- आपराधिक धमकी
500 से अधिक तहसीलदार पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन
29 मई को प्रदेशभर के 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने विरोध स्वरूप सामूहिक अवकाश लिया था। इसके चलते रायपुर, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में राजस्व कार्य प्रभावित हुए थे।
अब अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होने से नामांतरण, बंटवारा, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, भूमि रिकॉर्ड, राजस्व न्यायालयों की सुनवाई और अन्य प्रशासनिक सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है।
जनता को हो सकती है परेशानी
राजस्व अधिकारियों के सामूहिक अवकाश पर जाने से आम नागरिकों के कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं। जमीन संबंधी प्रकरणों, प्रमाण पत्रों और अन्य प्रशासनिक सेवाओं के लंबित होने की संभावना जताई जा रही है।
