CG Government Employees: छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, मंत्रिपरिषद की मंजूरी पर मंत्रालय कर्मचारी संघ ने जताया आभार
CG Government Employees: छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए बड़ी राहत का फैसला लिया है। राज्य मंत्रिपरिषद ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय का मंत्रालय कर्मचारी संघ ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

लंबे समय से की जा रही थी कैशलेस इलाज की मांग
मंत्रालय कर्मचारी संघ के अनुसार, शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना संघ की प्रमुख मांगों में शामिल था। नवीन कार्यकारिणी के गठन के बाद से इस विषय को लगातार सरकार के समक्ष उठाया जा रहा था।
संघ के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव से कई दौर की चर्चा की और इस मांग को लेकर लगातार फॉलोअप किया। अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों को इस सुविधा के जल्द लागू होने की उम्मीद है।
इलाज के दौरान आर्थिक बोझ होगा कम
संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे बीमारी या आपातकालीन परिस्थितियों में इलाज के दौरान आर्थिक दबाव कम होगा और कर्मचारियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने राज्य सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया।
सरकार के प्रति जताया आभार
मंत्रालय कर्मचारी संघ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। संघ का कहना है कि इस पहल से कर्मचारियों को भविष्य में चिकित्सा सेवाओं का लाभ अधिक सरल और सुविधाजनक तरीके से मिल सकेगा।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजीष मिरे, संरक्षक कीर्तीवर्धन उपाध्याय, सचिव उमेश सिंह, संयुक्त सचिव महेश बड़ा, कोषाध्यक्ष छवि साहू तथा सदस्य कुंदन साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
