Bharathiraja Death: अभिनेता भारतीराजा का 84 वर्ष की उम्र में निधन, साउथ सिनेमा में शोक की लहर
Bharathiraja Death: तमिल सिनेमा के दिग्गज निर्देशक, लेखक और अभिनेता भारतीराजा का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को चेन्नई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी बीमारियों और लंबे समय से खराब चल रही सेहत के कारण उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर सामने आते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री समेत पूरे भारतीय सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

तमिल सिनेमा को दी नई पहचान
भारतीराजा को तमिल सिनेमा के सबसे प्रभावशाली और क्रांतिकारी फिल्ममेकर्स में गिना जाता है। उन्होंने ग्रामीण पृष्ठभूमि और वास्तविक जीवन की कहानियों को बड़े पर्दे पर उतारकर सिनेमा की दिशा बदल दी। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि तमिल सिनेमा को नई पहचान भी दिलाई। उनकी चर्चित फिल्मों में ’16 वयाथिनिले’, ‘किझक्के पोगुम रेल’, ‘सिगप्पू रोजक्कल’, ‘निझालगल’, ‘अलैगल ओइवाथिल्लाई’, ‘टिक टिक टिक’, ‘ओरु कैधियिन डायरी’, ‘मुधल मरियाथै’ और ‘किझक्कु चीमयिले’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं।
रजनीकांत और कमल हासन जैसे सितारों के साथ किया काम
भारतीराजा ने अपने लंबे करियर में तमिल सिनेमा के दिग्गज कलाकारों जैसे रजनीकांत, कमल हासन और शिवाजी गणेशन के साथ काम किया। उनकी फिल्मों ने कई कलाकारों के करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। निर्देशक के रूप में उनकी आखिरी फिल्म ‘मींदम ओरु मरियाथै’ थी, जो वर्ष 2020 में रिलीज हुई थी।
अभिनय से भी जीता दर्शकों का दिल
भारतीराजा केवल एक सफल निर्देशक ही नहीं बल्कि एक शानदार अभिनेता भी थे। उन्होंने ‘आयुथा एझुथु’, ‘पांडियानाडु’, ‘ईस्वरन’, ‘तिरुचित्रम्बलम’ और ‘महाराजा’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। बड़े पर्दे पर उनकी आखिरी उपस्थिति फिल्म ‘थुदारुम’ में रही, जिसमें उन्होंने मोहनलाल और शोभना के साथ स्क्रीन साझा की थी।
यह भी पढ़ें: Parama Ekadashi 2026: 10 या 11 जून? जानें व्रत की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और महत्व
सिनेमा जगत ने दी श्रद्धांजलि
भारतीराजा के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों, निर्देशकों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके योगदान को भारतीय सिनेमा हमेशा याद रखेगा। उनकी फिल्में और कला आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
