Featuredछत्तीसगढ़

CG News: सरकारी स्कूल में छात्रों को बाइबिल बांटने का आरोप, 14 प्रतियां बरामद; शिक्षक को नोटिस

जशपुर, छत्तीसगढ़: जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में एक शिक्षक द्वारा छात्रों के बीच बाइबिल की प्रतियां बांटने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्राचार्य ने मामले को गंभीर प्रशासनिक उल्लंघन मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

CG News


क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को विद्यालय के व्याख्याता दीपक तिग्गा विलंब से स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बिना प्राचार्य को सूचित किए सीधे कक्षा में जाकर विद्यार्थियों के बीच बाइबिल की पुस्तिकाएं वितरित कीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन ने छात्रों के बैग की जांच करवाई। जांच के दौरान करीब 14 बाइबिल की प्रतियां बरामद होने की बात कही जा रही है।

प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?

प्राचार्य ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित व्याख्याता को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया है। पूरे घटनाक्रम की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी दे दी गई है और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

जांच जारी, कार्रवाई की मांग

फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं स्थानीय स्तर पर व्याख्याता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठ रही है। यह मामला शिक्षा संस्थानों में धार्मिक साहित्य वितरण से जुड़े नियमों और आचार संहिता को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *